देहरादून। उत्तराखंड को नशामुक्त बनाने और युवाओं को नशे के खिलाफ जागरूक करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को देहरादून स्थित ओएनजीसी के डॉ. बीआर आंबेडकर ग्राउंड में आयोजित ‘ड्रग फ्री उत्तराखंड वॉकथॉन’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ओएनजीसी ऑफिसर्स एसोसिएशन की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रतिभागियों को नशामुक्त उत्तराखंड बनाने की शपथ भी दिलाई।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का सामूहिक दायित्व है। नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और भविष्य को प्रभावित करने के साथ समाज के विकास में भी बाधा बनता है। विशेष रूप से युवाओं को नशे से दूर रखकर उनकी ऊर्जा को शिक्षा, खेल, योग और रचनात्मक गतिविधियों की ओर लगाना जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से अपील की कि वे नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं और अपने मित्रों तथा आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि अभिभावकों, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों की भागीदारी से ही नशामुक्ति अभियान को व्यापक स्तर पर सफल बनाया जा सकता है।
सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने के साथ जनजागरूकता, उपचार और पुनर्वास पर भी ध्यान दे रही है। युवाओं को सही दिशा देने और उन्हें नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए परिवार तथा शैक्षणिक संस्थानों की भूमिका भी महत्वपूर्ण है।
मुख्यमंत्री ने जोर देते हुए कहा कि नशामुक्त उत्तराखंड का संकल्प केवल नारों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे जन-आंदोलन का रूप देना होगा। ‘ड्रग फ्री उत्तराखंड वॉकथॉन’ के माध्यम से युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नशे के विरुद्ध आवाज उठाने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का संदेश दिया गया।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करें, ताकि सामूहिक प्रयासों से स्वस्थ, सशक्त और नशामुक्त उत्तराखंड के लक्ष्य को साकार किया जा सके।

संपादक – सच्चाई की जीत
पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713
संपर्क – 9837427792
व्हाट्सप्प – 9837427792
ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com
