*अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण के अध्यक्ष ने की अधिकारियों के साथ बैठक।

रूद्रपुर 23 अक्टूबर, 2026 (सू0वि0)-

मा0 अध्यक्ष उत्तराखण्ड राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण सुरजीत सिंह गांधी की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में जनपद में संचालित मदरसों एवं अल्पसंख्यक शैक्षिक संस्थानों की मान्यता तथा उनसे संबंधित विभिन्न विषयों के संबंध में शिक्षा विभाग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित हुई। बैठक में मान्यता संबंधी प्रस्तावों, लंबित प्रकरणों तथा शिक्षा विभाग के स्तर पर आ रही कमियों के निराकरण के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई।
मा0 अध्यक्ष श्री गांधी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये कि मान्यता प्रस्तावों में आ रही कमियों का संबंधित विभागों के समन्वय से शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए, साथ ही उत्तराखण्ड राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण के अधिनियम एवं इसके उद्देश्यों का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए अधिक से अधिक मदरसों एवं अल्पसंख्यक शैक्षिक संस्थानों को मान्यता प्रक्रिया से जोड़ने के प्रयास किए जाएं।
बैठक के दौरान विगत माह जनपद में बिना पंजीकरण एवं शिक्षा विभाग की मान्यता के संचालित पाए गए मदरसों के विरुद्ध की गई कार्यवाही पर भी विस्तार से चर्चा की गई। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी विपिन सिंह कण्डारी ने अवगत कराया कि जिन्होंने विद्यालयी मान्यता हेतु आवेदन नहीं किया था बिना पंजीकरण के संचालित ऐसे 10 मदरसों को सील किया गया है। सिजकी वर्तमान स्थिति के संबंध में मा0 अध्यक्ष ने जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी को विस्तृत आख्या शीघ्र प्रस्तुत करने हेतु निर्देश दिये।

  परियोजना निदेशक डीआरडीए हिमांशु जोशी ने संबंधित अधिकारियों को बैठक में दिए गए निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करते हुए विस्तृत आख्या अध्यक्ष, उत्तराखण्ड राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण एवं जिलाधिकारी को प्रस्तुत करने के निर्देश दिये।
    बैठक में परियोजना निदेशक हिमांशु जोशी, खण्ड शिक्षा अधिकारी शावेद आलम, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी विपिन सिंह कण्डरी, शिक्षा विभाग से रविन्द्र पाण्डेय आदि उपस्थित थे।

जिला सूचना अधिकारी ऊधम सिंह नगर।

By Mohd Nafees

संपादक – सच्चाई की जीत पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713 संपर्क – 9837427792 व्हाट्सप्प – 9837427792 ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *