काशीपुर/ऊधमसिंह नगर। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और उनमें होने वाली जनहानि को कम करने के उद्देश्य से शुक्रवार, 23 अक्टूबर 2026 को होटल वीनस, रामपुर रोड, ऊधमसिंह नगर में परिवहन विभाग की ओर से सड़क सुरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें हल्द्वानी संभाग के कार्यरत परिवहन सहायक निरीक्षकों एवं परिवहन आरक्षियों ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि संयुक्त परिवहन आयुक्त श्री राजीव कुमार मेहरा रहे। संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन), हल्द्वानी संभाग श्री गुरदेव सिंह तथा संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) श्री अरविन्द पाण्डेय ने मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों का स्वागत किया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रथम सत्र में प्रतिभागियों को विभागीय नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई, जबकि दूसरे सत्र में सड़क सुरक्षा और दुर्घटनाओं की रोकथाम से संबंधित महत्वपूर्ण पहलुओं पर प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान प्रवर्तन कार्मिकों की जिज्ञासाओं एवं सवालों का समाधान करते हुए उन्हें आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया।
सहायक निदेशक, सड़क सुरक्षा, परिवहन विभाग श्री नरेश संगल ने रोड सेफ्टी एंड ओवरव्यू ऑन रोड एक्सीडेंट इन उत्तराखंड विषय पर जानकारी दी। वहीं, जेपी रिसर्च इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के टीम लीडर श्री सुमित ढुल ने साइंटिफिक क्रैश इन्वेस्टिगेशन ऑफ एक्सीडेंट विषय पर विस्तृत जानकारी देते हुए दुर्घटनाओं के वैज्ञानिक विश्लेषण के महत्व से अवगत कराया।
संयुक्त परिवहन आयुक्त श्री राजीव कुमार मेहरा ने अपने संबोधन में कहा कि सभी प्रवर्तन कार्मिक सड़क दुर्घटनाओं के कारणों और उनसे जुड़े बारीक पहलुओं को गंभीरता से समझें। प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त जानकारी का उपयोग अपने दैनिक कार्यों में करते हुए दुर्घटनाओं की रोकथाम में प्रभावी भूमिका निभाएं। उन्होंने सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी और कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने पर भी जोर दिया।
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य राज्य में होने वाली सड़क दुर्घटनाओं के कारणों का विश्लेषण करना, भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकना तथा दुर्घटनाओं में घायलों और मृतकों की संख्या में प्रभावी कमी लाना है। इसके साथ ही परिवहन विभाग के कार्मिकों को विभागीय नियमों और सड़क सुरक्षा के तहत की जाने वाली कार्रवाई के संबंध में प्रशिक्षित करना भी कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य रहा।
कार्यक्रम में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन), ऊधमसिंह नगर श्री मोहित कोठारी, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन), ऊधमसिंह नगर श्री नवीन कुमार सिंह, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन), काशीपुर श्री संदीप वर्मा तथा परिवहन कर अधिकारी श्री आशुतोष डिमरी सहित हल्द्वानी संभाग के 40 परिवहन सहायक निरीक्षकों एवं परिवहन आरक्षियों ने प्रतिभाग किया।
प्रशिक्षण में शामिल सभी प्रतिभागियों को संयुक्त परिवहन आयुक्त तथा संभागीय परिवहन अधिकारियों की ओर से प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। अंत में संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा), हल्द्वानी श्री अरविन्द पाण्डेय ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।

संपादक – सच्चाई की जीत
पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713
संपर्क – 9837427792
व्हाट्सप्प – 9837427792
ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com
