युवाओं से विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान, छह विद्यार्थियों को सिल्वर प्लेट पुरस्कार से किया सम्मानित

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को देहरादून के बिधौली स्थित यूपीईएस विश्वविद्यालय के 24वें दीक्षांत समारोह में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने छह विद्यार्थियों को सिल्वर प्लेट पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। समारोह में इस वर्ष कुल 4,795 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जा रही हैं, जिनमें नियमित पाठ्यक्रमों के 3,806 तथा यूपीईएस ऑनलाइन के 989 विद्यार्थी शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने उपाधि प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों के जीवन में एक नए अध्याय की शुरुआत है। विश्वविद्यालय से निकलने के बाद उन्हें जीवन की वास्तविक चुनौतियों का सामना करना होगा। ऐसे में मेहनत, लगन, अनुशासन और निरंतर सीखने की प्रवृत्ति सफलता की कुंजी है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी क्षमताओं पर विश्वास रखते हुए निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि व्यक्ति की वास्तविक पहचान उसके व्यवहार, विनम्रता और संस्कारों से होती है। दूसरों की सहायता करना और समाज के लिए अच्छे कार्य करना ही वास्तविक संतुष्टि प्रदान करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग समाज तथा देश की प्रगति के लिए करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यूपीईएस ने उच्च शिक्षा के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की है और पिछले दो दशकों में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं।

विकसित भारत के संकल्प में युवाओं की अहम भूमिका

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस संकल्प को साकार करने में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि देश के युवाओं की प्रतिभा, मेहनत और नवाचार के बल पर विकसित भारत का सपना साकार होगा। यूपीईएस से शिक्षा प्राप्त करने वाले विद्यार्थी देश और विदेश में अपनी उपलब्धियों से उत्तराखंड सहित पूरे देश का नाम रोशन करेंगे।

उन्होंने बताया कि हाल ही में आयोजित निबंध प्रतियोगिता में ढाई लाख से अधिक विद्यार्थियों ने प्रतिभाग कर विभिन्न विषयों पर अपने विचार और सुझाव प्रस्तुत किए। इससे प्रदेश के युवाओं की जागरूकता, सकारात्मक सोच और सामाजिक मुद्दों के प्रति उनकी रुचि का पता चलता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जागरूक, शिक्षित और प्रतिभाशाली युवा ही किसी भी राज्य और देश के उज्ज्वल भविष्य की नींव होते हैं।

एआई और तकनीक के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा उत्तराखंड

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान दौर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), डेटा साइंस, ग्रीन एनर्जी और डिजिटल तकनीक का है। राज्य सरकार उत्तराखंड को शिक्षा, विज्ञान, तकनीक और अनुसंधान के क्षेत्र में अग्रणी बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। प्रदेश में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 लागू की गई है। आधुनिक शिक्षा के साथ सांस्कृतिक विरासत और जीवन मूल्यों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दून विश्वविद्यालय में सेंटर फॉर हिंदू स्टडीज की स्थापना भी की गई है।

उन्होंने कहा कि युवाओं में वैज्ञानिक सोच और नवाचार को प्रोत्साहित करने के लिए देहरादून में साइंस सिटी का निर्माण किया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य युवाओं को केवल नौकरी पाने तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उन्हें स्वरोजगार और उद्यमिता के लिए भी प्रेरित करना है, ताकि वे स्वयं रोजगार प्राप्त करने के साथ दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा कर सकें। इसके लिए प्रदेश में स्टार्टअप, नवाचार और इन्क्यूबेशन सेंटरों को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

पारदर्शी भर्ती व्यवस्था से 35 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया है। उन्होंने बताया कि पारदर्शी भर्ती व्यवस्था के माध्यम से पिछले पांच वर्षों में प्रदेश के 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं। सरकार युवाओं को उनकी योग्यता और मेहनत के आधार पर आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

विद्यार्थियों और अभिभावकों से मिले मुख्यमंत्री

दीक्षांत समारोह के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी विद्यार्थियों और उनके परिजनों के बीच पहुंचे। उन्होंने विद्यार्थियों से आत्मीय बातचीत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। साथ ही देश के विभिन्न हिस्सों से आए अभिभावकों से संवाद कर उनका कुशलक्षेम जाना। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर विद्यार्थी और उनके परिजन उत्साहित नजर आए।

समारोह में यूकॉस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत, यूपीईएस के अध्यक्ष डॉ. राम के. शर्मा, कुलपति डॉ. सुनील राय, प्रो-वाइस चांसलर मनीष मदान सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी, विद्यार्थी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

By Mohd Nafees

संपादक – सच्चाई की जीत पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713 संपर्क – 9837427792 व्हाट्सप्प – 9837427792 ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *