गैरसैंण और आसपास के क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति, सड़क संपर्क और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ाया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को 12 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें रामगंगा नदी पर बांध निर्माण और भू-धंसाव से सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को चमोली जिले में 231.91 करोड़ रुपये की लागत वाली 12 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 197.87 करोड़ रुपये की छह योजनाओं का शिलान्यास और 34.04 करोड़ रुपये की छह योजनाओं का लोकार्पण शामिल है। इन योजनाओं से पेयजल, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, भू-धंसाव से सुरक्षा और पुलिस व अग्निशमन सुविधाओं को मजबूती देने पर जोर दिया गया है।
शिलान्यास की गई योजनाओं में सबसे बड़ी योजना गैरसैंण शहर और आसपास की आबादी को पेयजल उपलब्ध कराने के लिए रामगंगा नदी पर 122.69 करोड़ रुपये की लागत से बांध निर्माण की है। इसके अलावा कर्णप्रयाग विकासखंड के बहुगुणानगर में 50.18 करोड़ रुपये से भू-धंसाव से सुरक्षा संबंधी कार्य किए जाएंगे।
छह योजनाओं का लोकार्पण भी किया
राजकीय पॉलिटेक्निक गैरसैंण के भवन निर्माण के लिए 12.16 करोड़ रुपये और राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय बछुवाबाण में भवन अनुरक्षण के लिए 22.75 लाख रुपये की योजना का भी शिलान्यास किया गया। वहीं, कुमोली रैवान और गैरसैंण-पज्याणा मोटर मार्गों से संबंधित कार्यों के लिए क्रमशः 6.99 करोड़ और 5.60 करोड़ रुपये की योजनाएं शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने 34.04 करोड़ रुपये की लागत से पूरी हुई छह योजनाओं का लोकार्पण भी किया। इनमें खजुरखाल-भण्डारीखोड़-कुनीगाड़ मोटर मार्ग के उच्चीकरण पर 14.82 करोड़ रुपये और राजकीय इंटर कॉलेज गैरसैंण में ऑडिटोरियम निर्माण पर 4.37 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।
इसके साथ ही सारकोट-भराड़ीसैंण मोटर मार्ग के सुधार व डामरीकरण और कारगिल शहीद रणजीत सिंह मोटर मार्ग के नवीनीकरण कार्यों का लोकार्पण किया गया। गैरसैंण में 4.37 करोड़ रुपये की लागत से बने फायर यूनिट भवन और 4.24 करोड़ रुपये से निर्मित थाना भवन का भी लोकार्पण हुआ। इन योजनाओं से क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

संपादक – सच्चाई की जीत
पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713
संपर्क – 9837427792
व्हाट्सप्प – 9837427792
ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com
