विपक्ष ने बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार के मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी की, विधानसभा घेराव को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी

गैरसैंण। उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा भवन में मंगलवार से दो दिवसीय विधानसभा सत्र शुरू हो गया है। चुनावी वर्ष में धामी सरकार के इस अंतिम सत्र को राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सत्र के पहले दिन सरकार सात हजार करोड़ रुपये से अधिक का अनुपूरक बजट पेश करेगी। वहीं, विपक्ष ने बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार, कानून व्यवस्था और अंकिता भंडारी हत्याकांड सहित विभिन्न मुद्दों पर सरकार को घेरने की रणनीति बनाई है।

सत्र शुरू होने से पहले विधानसभा भवन में दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी और पूर्व कैबिनेट मंत्री हीरा सिंह बिष्ट के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। सदन में भी दोनों नेताओं के योगदान को याद किया जाएगा। इस दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के सदस्य अपने संस्मरण साझा कर उन्हें श्रद्धांजलि देंगे।

मुख्यमंत्री धामी ने विधानसभा अध्यक्ष से की मुलाकात

विधानसभा सत्र शुरू होने से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा भवन में विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण से शिष्टाचार भेंट की। सत्र को लेकर सरकार और विपक्ष दोनों ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। राजनीतिक गलियारों में सरकार की ओर से किसी महत्वपूर्ण घोषणा किए जाने की संभावनाओं को लेकर भी चर्चाएं हैं।

सात हजार करोड़ से अधिक का अनुपूरक बजट होगा पेश

सदन की कार्यवाही के दौरान भोजनावकाश के बाद सरकार सात हजार करोड़ रुपये से अधिक का अनुपूरक बजट पेश करेगी। कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में तय कार्यक्रम के अनुसार पहले दिन दिवंगत नेताओं को श्रद्धांजलि देने के साथ बजट संबंधी कार्यवाही की जाएगी। पहले दिन प्रश्नकाल नहीं होने के कारण सदन में प्रश्नों के माध्यम से होने वाली बहस की संभावना नहीं है, हालांकि विपक्ष विभिन्न राजनीतिक और जनहित के मुद्दों पर सरकार को घेर सकता है।

विधानसभा घेराव की आशंका, पुलिस अलर्ट

विधानसभा सत्र के मद्देनजर भराड़ीसैंण और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी और अन्य संगठनों की ओर से विभिन्न मुद्दों को लेकर विधानसभा घेराव किए जाने की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन अलर्ट है। विधानसभा तक पहुंचने वाले मार्गों पर निगरानी बढ़ाने के साथ संवेदनशील स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई है।

दिवालीखाल बैरियर पर नागरिक पुलिस, पीएसी, आंसू गैस दस्ते और दमकल वाहनों को तैनात किया गया है। सुरक्षा में लगे पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।

दिवालीखाल के प्रभारी एसपी परमोड कुमार ने कहा कि सभी को कानून के दायरे में रहकर अपनी बात रखने और विरोध प्रदर्शन करने का अधिकार है। हालांकि, कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जनहित के मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी

विपक्ष ने सत्र के दौरान बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार, कानून-व्यवस्था और अंकिता भंडारी हत्याकांड जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की तैयारी की है। ऐसे में दो दिवसीय सत्र के दौरान सदन के भीतर और बाहर राजनीतिक सरगर्मी तेज रहने के आसार हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चुनावी वर्ष में भी विधानसभा सत्र गैरसैंण में आयोजित करने को प्राथमिकता दी है। इससे पहले फरवरी में भी बजट सत्र भराड़ीसैंण में आयोजित किया गया था। अब दो दिवसीय सत्र में अनुपूरक बजट और विपक्ष के सवालों के बीच सरकार की रणनीति पर सभी की निगाहें टिकी हैं।

By Mohd Nafees

संपादक – सच्चाई की जीत पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713 संपर्क – 9837427792 व्हाट्सप्प – 9837427792 ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *