अखिलेश यादव के बयान पर कांग्रेस से मांगा जवाब, अजीत डोभाल पर टिप्पणी को लेकर भी घेरा
देहरादून। महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर देहरादून में नगर निगम की ओर से आयोजित शोभायात्रा कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने उत्तराखंड के लोगों को लेकर अखिलेश यादव के कथित बयान पर कांग्रेस की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश के मान-सम्मान और गौरव से कोई समझौता नहीं किया जा सकता।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अखिलेश यादव उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया बता रहे हैं, जबकि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच गठबंधन है। उन्होंने कांग्रेस से पूछा कि क्या पार्टी अखिलेश यादव के इस बयान से सहमत है? यदि ऐसा नहीं है, तो कांग्रेस को खुलकर अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। धामी ने कहा कि राजनीतिक गठबंधन की अपनी मजबूरियां हो सकती हैं, लेकिन उत्तराखंड की जनता के सामने ऐसी कोई मजबूरी नहीं है। प्रदेश के लोग अपने सम्मान और स्वाभिमान के साथ खड़े हैं।
मुजफ्फरनगर, मसूरी और खटीमा गोलीकांड का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में मुजफ्फरनगर, मसूरी और खटीमा गोलीकांड का भी जिक्र किया। उन्होंने इन घटनाओं को उत्तराखंड के इतिहास से जोड़ते हुए कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा।
अजीत डोभाल के मुद्दे पर भी कांग्रेस को घेरा
राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका जन्म उत्तराखंड में हुआ है और उन्होंने अपना जीवन देश की सुरक्षा मजबूत करने तथा भारत की ताकत बढ़ाने के लिए समर्पित किया है। धामी ने राहुल गांधी पर डोभाल के खिलाफ कथित तौर पर अपमानजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस नेताओं की चुप्पी पर सवाल उठाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि कांग्रेस राहुल गांधी की टिप्पणियों से सहमत नहीं है, तो उसके नेताओं को सामने आकर अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की पहचान, गौरव और स्वाभिमान सर्वोपरि हैं और प्रदेश की जनता अपने सम्मान के मुद्दे पर किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं करेगी।

संपादक – सच्चाई की जीत
पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713
संपर्क – 9837427792
व्हाट्सप्प – 9837427792
ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com
