चमोली जिले के गैरसैंण स्थित भराड़ीसैंण की ठंडी हवाओं के बीच आज मंगलवार से सरकार सियासी अखाड़े में उतरेगी। विपक्ष ने जहां सदन से सड़क तक घेरने का चक्रव्यूह तैयार किया है, वहीं सरकार भी वज्र रणनीति के साथ मैदान में उतरेगी। इस सरकार का आखिरी कार्यकाल होने के नाते सीएम पुष्कर सिंह धामी इस अखाड़े में बड़ी घोषणा कर ढाई दांव (सबसे मशहूर दांव) भी चल सकते हैं। 

दिवालीखाल में प्रधान संघ के प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेने की कार्रवाई, यूकेडी के युवा भी पहुंचे

दिवालीखाल में प्रदर्शन कर रहे प्रधान संघ के सदस्यों को पुलिस बस में बैठाकर ले गई। वहीं, दुगथम्बा बैरियर पर यूकेडी के युवा भी पहुंचे। उन्होंने ‘जय पहाड़, जय पहाड़ी’ और राजधानी गैरसैंण के समर्थन में नारे लगाए।

राज्य के सर्वांगीण विकास पर रहेगा बजट का फोकस, नई योजनाएं भी की गईं शामिल: सीएम धामी

गैरसैंण में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार ऐसा बजट पेश कर रही है, जिसमें प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए प्रावधान किए गए हैं। इसमें कुछ नई योजनाओं को भी शामिल किया गया है। नवाचार पर ध्यान देने के साथ ही मौजूदा योजनाओं को और गति दी जाएगी। विपक्ष के प्रदर्शन पर सीएम धामी ने कहा कि विपक्ष को सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाना चाहिए। उनके अनुसार, विपक्ष भी बेहतर काम करने के लिए प्रोत्साहित करता है। सभी महत्वपूर्ण कार्य विधानसभा के भीतर ही होंगे।

सतपाल महाराज ने बीसी खंडूड़ी को किया याद

सदन में मंत्री सतपाल महाराज ने दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल बीसी खंडूड़ी को याद करते हुए कहा कि वह समय के बेहद पाबंद थे। रिखणीखाल के एक कार्यक्रम में बारिश के बावजूद वह समय पर पहुंचे थे, जबकि जनता छाता लेकर खड़ी थी। महाराज ने कहा कि खंडूड़ी का मानना था कि पहाड़ में सड़क सबसे अहम है। उत्तराखंड में उन्हें ‘रोड मैन’ के नाम से जाना जाता है।

यशपाल आर्य बोले- राजनीति अपनी जगह, कर्मयोगियों के विचारों का अनुसरण करना चाहिए

नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि राजनीति अपनी जगह है, लेकिन कर्मयोगियों के विचारों का अनुसरण करना चाहिए। जनरल बीसी खंडूड़ी के जाने से कांग्रेस परिवार और श्रमिक भाइयों को बड़ी क्षति हुई है।

हीरा सिंह बिष्ट को दी श्रद्धांजलि, योगदान को किया याद

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल बीसी खंडूड़ी को याद करते हुए कहा कि वह समय के पाबंद थे। उनका जाना प्रदेश और राष्ट्र के लिए अपूरणीय क्षति है। पूर्व कैबिनेट मंत्री हीरा सिंह बिष्ट को श्रद्धांजलि देते हुए सीएम ने कहा कि वह जननेता थे और आम लोगों की परेशानियों को समझते थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन आम आदमी के लिए समर्पित किया। श्रमिकों के प्रति उनका विशेष लगाव था। राज्य आंदोलन से लेकर प्रदेश के विकास तक उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

सीएम धामी ने बीसी खंडूड़ी को किया याद, बोले- उन्होंने मूल्यों और सिद्धांतों से कभी समझौता नहीं किया

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सदन में दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल बीसी खंडूड़ी को श्रद्धांजलि देते हुए उनके योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष के सामने खड़े होकर खंडूड़ी जी को याद करना काफी मुश्किल है। एक बेटी के लिए पिता ही हीरो होते हैं।

सीएम ने कहा कि खंडूड़ी ने हर जिम्मेदारी पूरी ईमानदारी और समर्पण से निभाई। उन्होंने 1991 में गढ़वाल लोकसभा सीट से सांसद बनने के बाद लगातार पांच बार लोकसभा में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व किया। राज्य आंदोलन को गति देने और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना को आगे बढ़ाने में भी उनकी अहम भूमिका रही।

मुख्यमंत्री ने बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी से बातचीत के दौरान खंडूड़ी ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना का नाम अटल सड़क योजना रखने के सुझाव पर कहा था कि नाम नहीं, काम महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री बनने के बाद 2007 और 2011 में उन्होंने भ्रष्टाचार के खिलाफ काम किया और लोकायुक्त बनाने की पहल की। सीएम ने कहा कि खंडूड़ी के कार्यों में सेवा भावना और समर्पण झलकता था और जनता के बीच उनकी अलग पहचान थी।

सदन में पूर्व सीएम बीसी खंडूड़ी और पूर्व कैबिनेट मंत्री हीरा सिंह बिष्ट को श्रद्धांजलि

गैरसैंण के भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा भवन में सदन की कार्यवाही के दौरान दिवंगत नेताओं को श्रद्धांजलि दी जा रही है। इस दौरान दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी और पूर्व कैबिनेट मंत्री हीरा सिंह बिष्ट को याद कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

भराणीसैंण में विधानसभा सत्र की कार्यवाही शुरू

भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा भवन में दो दिवसीय विधानसभा सत्र की कार्यवाही शुरू हो गई है। सत्र के दौरान सदन में प्रदेश से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होगी।

विधानसभा सत्र से पहले कांग्रेस विधायकों का प्रदर्शन, सीढ़ियों पर बैठकर दिया धरना

गैरसैंण के भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा परिसर में सत्र शुरू होने से पहले कांग्रेस विधायकों ने प्रदेश के विभिन्न मुद्दों को लेकर प्रदर्शन किया। विधायक विधानसभा की सीढ़ियों पर बैठकर धरने पर रहे।

By Mohd Nafees

संपादक – सच्चाई की जीत पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713 संपर्क – 9837427792 व्हाट्सप्प – 9837427792 ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *