Oplus_131072

रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को रुद्रपुर में आयोजित न्यूज़ 18 के ‘राइजिंग सिटी’ कार्यक्रम में उत्तराखंड के विकास का रोडमैप साझा करते हुए कहा कि ऊधम सिंह नगर प्रदेश की अर्थव्यवस्था का प्रमुख ग्रोथ इंजन है। उन्होंने कहा कि जनपद ने औद्योगिक, आर्थिक और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है तथा आने वाले समय में यह विकास का और बड़ा केंद्र बनेगा। एक स्थानीय होटल सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने उद्योग, निवेश, रोजगार, स्वास्थ्य, सड़क संपर्क, कानून व्यवस्था और सुशासन जैसे विभिन्न विषयों पर विस्तार से अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि रुद्रपुर आज उत्तराखंड की औद्योगिक राजधानी के रूप में स्थापित हो चुका है और प्रदेश की आर्थिक प्रगति में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड में सड़क नेटवर्क का अभूतपूर्व विस्तार हुआ है। ऑल वेदर रोड, एक्सप्रेस-वे और अन्य परियोजनाओं से प्रदेश में यातायात अधिक सुरक्षित, सुगम और तेज हुआ है, जिससे उद्योग, व्यापार और पर्यटन को नई गति मिली है। उन्होंने कहा कि किच्छा में निर्माणाधीन दूसरे एम्स का कार्य तेजी से चल रहा है। इसके पूरा होने पर पूरे कुमाऊं मंडल और उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों को विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा। वहीं रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज का निर्माण भी अंतिम चरणों में है और इसे जल्द ही जनता को समर्पित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तारीकरण का कार्य भी तेजी से जारी है। एयरपोर्ट के विकसित होने के बाद अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की संभावनाएं बढ़ेंगी, जिससे पर्यटन, निवेश, उद्योग और स्थानीय रोजगार को नया प्रोत्साहन मिलेगा। सीमांत क्षेत्रों के विकास का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मेलाघाट, सिसैया और नारायण नगर जैसे गांवों में केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के माध्यम से आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने ऊधम सिंह नगर को “मिनी इंडिया” बताते हुए कहा कि यहां विभिन्न राज्यों के लोग वर्षों से भाईचारे और सौहार्द के साथ रहते हैं, जो जनपद की सबसे बड़ी ताकत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार, भू-माफियाओं और नकल माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। उन्होंने बताया कि अब तक 12 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अवैध कब्जों से मुक्त कराया जा चुका है। साथ ही देश के सबसे सख्त नकल विरोधी कानून के तहत 100 से अधिक नकल माफियाओं को जेल भेजा गया है, जिससे युवाओं का भर्ती परीक्षाओं पर विश्वास मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लागू दंगा विरोधी कानून से कानून व्यवस्था और मजबूत हुई है। अब सार्वजनिक या निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले उपद्रवियों से ही नुकसान की भरपाई कराई जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा जब प्रत्येक राज्य और प्रत्येक जनपद समान रूप से विकसित होगा। राज्य सरकार इसी लक्ष्य को लेकर कार्य कर रही है और आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित, समृद्ध एवं आत्मनिर्भर उत्तराखंड का निर्माण उसका संकल्प है। कार्यक्रम में परिवहन एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री प्रदीप बत्रा, सांसद अजय भट्ट, विधायक शिव अरोरा, त्रिलोक सिंह चीमा, जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, मेयर विकास शर्मा, दीपक बाली, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, हुकम सिंह कुंवर, उत्तम दत्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, मनोज पाल, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा, पंकज उपाध्याय सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

By Mohd Nafees

संपादक – सच्चाई की जीत पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713 संपर्क – 9837427792 व्हाट्सप्प – 9837427792 ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *