काशीपुर। मोहर्रम की 10वीं तारीख़ यानी यौमे आशूरा के अवसर पर काशीपुर में अकीदत, एहतराम और ग़म के माहौल में ताज़ियादारी की रस्में अदा की गईं। जुमे की नमाज़ के बाद शहर और आसपास के विभिन्न मोहल्लों से अज़ादारों ने इमाम हुसैन (अ.स.) और शहीदाने करबला की याद में तैयार किए गए ताज़ियों को अपने-अपने निर्धारित मार्गों से होते हुए अल्ली खां स्थित करबला मैदान पहुंचाया, जहां नियाज़-फातिहा के बाद ताज़िया सुपुर्द-ए-खाक किए गए। करबला मैदान में दोपहर से देर शाम तक बड़ी संख्या में अकीदतमंदों और जायरीनों का पहुंचना जारी रहा। इस दौरान नज़र-ओ-नियाज़ का सिलसिला भी चलता रहा और लोगों ने इमाम हुसैन (अ.स.) तथा उनके 72 साथियों की शहादत को याद करते हुए इंसानियत, सब्र, हक़ और कुर्बानी के पैग़ाम को अपनाने का संकल्प लिया। शहर के विभिन्न स्थानों पर आयोजित मजलिसों में उलेमाओं ने करबला के वाक़िआ पर रोशनी डालते हुए कहा कि इमाम हुसैन (अ.स.) की शहादत अन्याय और ज़ुल्म के खिलाफ़ डटकर खड़े होने तथा इंसाफ़ और मानवता की रक्षा का सबसे बड़ा संदेश देती है। उन्होंने लोगों से आपसी भाईचारे, अमन और इंसानी मूल्यों को मज़बूत करने की अपील भी की। ताज़ियादारी के दौरान पूरे शहर में अनुशासन और शांतिपूर्ण माहौल देखने को मिला। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन, नगर निगम और करबला कमेटी पूरी तरह मुस्तैद रही। करबला मैदान और जुलूस मार्गों पर व्यापक इंतज़ाम किए गए, जिससे सभी रस्में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुईं। करबला कमेटी के पदाधिकारियों ने प्रदेश में अमन, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने का संदेश दिया। इस अवसर पर करबला कमेटी अध्यक्ष रफ़ी खान, महामंत्री अब्दुल रशीद एडवोकेट, सचिव पप्पू मंसूरी, अनवार हुसैन, मोहर्रम कमेटी अध्यक्ष इनआम हुसैन, शरीफ माहगीर, हसीन खां, पूर्व पालिका अध्यक्ष शमशुद्दीन, मुशर्रफ हुसैन, अशरफ एडवोकेट, शफीक अंसारी, आलम खान, डॉ. एम.ए. राहुल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं अकीदतमंद मौजूद रहे।

संपादक – सच्चाई की जीत
पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713
संपर्क – 9837427792
व्हाट्सप्प – 9837427792
ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com

