रुद्रपुर, 26 सितंबर 2026। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में ऊधम सिंह नगर जनपद में त्रिस्तरीय पंचायतों के रिक्त पदों सदस्य ग्राम पंचायत, प्रधान ग्राम पंचायत तथा सदस्य क्षेत्र पंचायत पर उपचुनाव कराने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने निर्वाचन कार्यक्रम जारी कर दिया है। जिलाधिकारी ने बताया कि उपचुनाव के लिए 30 सितंबर एवं 1 अक्टूबर को प्रातः 10 बजे से शाम 5 बजे तक नाम निर्देशन पत्र जमा किए जाएंगे। 3 अक्टूबर को प्रातः 10 बजे से कार्य समाप्ति तक नाम निर्देशन पत्रों की जांच की जाएगी। 4 अक्टूबर को प्रातः 10 बजे से अपराह्न 3 बजे तक नाम वापसी की प्रक्रिया होगी। इसके बाद 5 अक्टूबर को प्रातः 10 बजे से कार्य समाप्ति तक निर्वाचन प्रतीकों का आवंटन किया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 12 अक्टूबर को प्रातः 8 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान कराया जाएगा, जबकि 14 अक्टूबर को प्रातः 8 बजे से मतगणना शुरू होकर कार्य समाप्ति तक जारी रहेगी।
विकासखंड मुख्यालय पर होगी निर्वाचन संबंधी कार्रवाई
जिलाधिकारी ने बताया कि त्रिस्तरीय पंचायतों के रिक्त पदों पर होने वाले उपचुनाव के लिए नाम निर्देशन पत्रों की बिक्री, प्राप्ति, जांच तथा निर्वाचन प्रतीक आवंटन सहित अन्य आवश्यक निर्वाचन संबंधी कार्यवाही संबंधित विकासखंड मुख्यालयों पर की जाएगी।
उन्होंने बताया कि जिन ग्राम पंचायतों एवं क्षेत्र पंचायतों में उपचुनाव कराया जा रहा है, उनके संबंधित प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई है और मतगणना समाप्त होने तक लागू रहेगी। जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित समय-सारणी के अनुसार सभी आवश्यक तैयारियां एवं प्रक्रियाएं समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए हैं।

संपादक – सच्चाई की जीत
पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713
संपर्क – 9837427792
व्हाट्सप्प – 9837427792
ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com
