
काशीपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर श्री अजय गणपति के कुशल निर्देशन में काशीपुर पुलिस ने एक सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर केस का मात्र 72 घंटे के भीतर सफल अनावरण करते हुए डम्पर चालक सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त डम्पर, हत्या में इस्तेमाल लोहे का हुक, मृतका का मोबाइल फोन, बैग तथा अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं।
दिनांक 20 अगस्त 2026 की प्रातः धनौरी पट्टी, रामनगर रोड, काशीपुर में सड़क किनारे 19 वर्षीय युवती का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। मृतका के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए, जिससे प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका व्यक्त की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति ने तत्काल संज्ञान लेते हुए काशीपुर पुलिस को मामले का शीघ्र एवं प्रभावी अनावरण करने के निर्देश दिए।
जांच के दौरान पुलिस टीमों ने मृतका के घर से घटनास्थल तक जाने वाले संभावित मार्गों पर लगे लगभग 200 से 250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन विश्लेषण किया। तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन तथा सीडीआर की मदद से पुलिस एक संदिग्ध डम्पर तक पहुंची, जो चैती मेला रोड, चीमा चौराहा, रामनगर रोड और केलामोड़ होते हुए ओंकार स्टोन क्रेशर की ओर जाता दिखाई दिया।
विवेचना के दौरान यह भी पता चला कि मृतका ने घटना वाले दिन प्रातः करीब 4:35 बजे चैती रोड से चीमा चौराहा जाने के लिए रैपिडो बुक की थी, जिसे कुछ मिनट बाद रद्द कर दिया गया था। इसके बाद मृतका का मोबाइल फोन गुलजारपुर क्षेत्र में सड़क पर मिला, जिसे अभियुक्तों ने पुलिस को गुमराह करने के उद्देश्य से वहां छोड़ दिया था।
जांच के आधार पर पुलिस ने डम्पर संख्या UK15CA-1437 को चिन्हित किया। पूछताछ में पता चला कि घटना के समय डम्पर को चालक राजू पुत्र ललित निवासी कचनालगुसाई चला रहा था तथा उसके साथ सुमित पुत्र राजू निवासी धनौरी पट्टी लक्ष्मीपुर मौजूद था। दोनों से पूछताछ के दौरान घटना में उनकी संलिप्तता सामने आई।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी खनिज सामग्री लेने के लिए क्रेशर की ओर जा रहे थे, तभी चैती मैदान के पास युवती ने डम्पर रुकवाया। रास्ते में एकांत स्थान पर महिला के विरोध करने पर चालक ने डम्पर में रखे लोहे के हुक से हमला कर दिया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। इसके बाद शव को सड़क किनारे फेंक दिया गया।
दिनांक 23 अगस्त 2026 को पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त डम्पर को कब्जे में लिया। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे का हुक, मृतका का बैग, मोबाइल फोन तथा घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद किए गए।
गिरफ्तार अभियुक्तों में राजू पुत्र ललित (39 वर्ष), निवासी कचनालगुसाई, थाना आईटीआई तथा सुमित पुत्र राजू (19 वर्ष), निवासी धनौरी पट्टी लक्ष्मीपुर, थाना काशीपुर शामिल हैं।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि ऊधम सिंह नगर पुलिस अपराधियों के विरुद्ध पूरी सख्ती से कार्रवाई कर रही है। अपराधी कितना भी शातिर क्यों न हो, कानून की पकड़ से बच नहीं सकता तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

संपादक – सच्चाई की जीत
पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713
संपर्क – 9837427792
व्हाट्सप्प – 9837427792
ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com
