देहरादून। उत्तराखंड के युवाओं को खेलों से जोड़ने और ग्रामीण व दूरस्थ क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को आगे लाने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खेल महाकुंभ-2026 आयोजित करने की घोषणा की है। इस आयोजन के जरिए खिलाड़ियों को स्थानीय स्तर से लेकर राज्य स्तर तक अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।

युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत “खेल महाकुंभ-2026–मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी” की तैयारियों और आयोजन की रूपरेखा को अंतिम रूप दे दिया है। प्रतियोगिताएं न्याय पंचायत, विधानसभा, लोकसभा और राज्य स्तर पर आयोजित की जाएंगी।

कार्यक्रम की शुरुआत 1 सितंबर से 10 सितंबर 2026 तक न्याय पंचायत स्तर की प्रतियोगिताओं से होगी। इसके बाद 11 से 20 सितंबर तक विधानसभा क्षेत्र स्तर पर विधायक चैंपियनशिप ट्रॉफी और 21 से 30 सितंबर तक लोकसभा क्षेत्र स्तर पर सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी आयोजित की जाएगी।

इसके बाद राज्य स्तर पर मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के तहत प्रतियोगिताएं होंगी। विभिन्न चरणों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मौका मिलेगा।

सरकार का उद्देश्य खास तौर पर ग्रामीण, पर्वतीय और दूरदराज के इलाकों में मौजूद युवा खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। खेल महाकुंभ के माध्यम से प्रदेश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने की दिशा में काम किया जाएगा।

By Mohd Nafees

संपादक – सच्चाई की जीत पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713 संपर्क – 9837427792 व्हाट्सप्प – 9837427792 ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *