
दिल्ली-एनसीआर में मानसून मेहरबान: कई इलाकों में झमाझम बारिश से बदला मौसम, गर्मी-उमस से मिली राहत दिल्ली समेत पूरे एनसीआर में मानसून जमकर बरस रहा है। सोमवार दोपहर दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में काले बादल छा गए और झमाझम बारिश हुई। नोएडा के कई सेक्टरों में भी तेज बारिश दर्ज की गई। पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश ने दिल्ली-एनसीआर के मौसम को खुशनुमा बना दिया है। मानसून की सक्रियता के चलते कई इलाकों में सड़कों पर जलभराव की स्थिति भी देखने को मिली, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी हुई। हालांकि, बारिश ने उमस और गर्मी से बेहाल लोगों को बड़ी राहत दी है। बारिश से नोएडा के कई इलाकों में लोग बचते नजर आए। तेज बारिश के दौरान कई बाइक सवारों ने ओवरब्रिज के नीचे वाहन रोककर खुद को भीगने से बचाया। नोएडा में पिछले कुछ दिनों से रुक-रुककर बारिश हो रही है। बीते दिनों हुई तेज बारिश के चलते कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी और सड़कों पर लंबा ट्रैफिक जाम भी देखने को मिला।
तेज बारिश के बीच भी कांवड़ियों का उत्साह बरकरार
सावन की बारिश और शिवभक्ति का अनोखा संगम देखने को मिला। सावन के दूसरे सोमवार को दोपहर बाद अचानक हुई तेज बारिश के बीच दिल्ली के गोल डाकखाने के पास से गुजरते लोग और श्रद्धा में लीन कांवड़िए नजर आए। बारिश के बीच भी कांवड़ियों का उत्साह और शिवभक्ति देखते ही बनी।

संपादक – सच्चाई की जीत
पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713
संपर्क – 9837427792
व्हाट्सप्प – 9837427792
ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com
