महाराष्ट्र में लगातार भारी बारिश जारी है। इसके कारण मुंबई में दो जगह भूस्खलन हुआ।मलबे में लोग दबे हुए हैं। बचाव के लिए एनडीआरएफ रवाना हो चुकी है। मुंबई-पुणे एक्सप्रेस-वे और पुराना हाइवे भी बंद कर दिया गया है। इतना ही नहीं, भारी बारिश देखते हुए कई ट्रेनें भी रद्द कर दी गईं। आइए, मुंबई की बारिश से जुड़े सभी अपडेट जानने के लिए इस पेज पर बने रहें…

मुंबई में चॉल हादसे में छह लोगों की मौत, IMD का रेड अलर्ट; बारिश से जनजीवन प्रभावित

मुंबई: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मानखुर्द के मंडाला इलाके में तीन मंजिला चॉल का हिस्सा ढहने से हुई छह लोगों की मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को राज्य सरकार की ओर से पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

यह हादसा रविवार रात करीब 8:30 बजे भारी बारिश के दौरान हुआ, जब चॉल की दो से तीन रिहायशी इकाइयां अचानक ढह गईं। स्थानीय लोगों के अनुसार, गिरा हुआ मलबा पास की एक झोपड़ी पर भी जा गिरा। दुर्घटना में छह लोगों की जान चली गई, जबकि कई अन्य घायल हुए। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और घायलों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

मुंबई, ठाणे और रायगढ़ में रेड अलर्ट

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने सोमवार को मुंबई, ठाणे और रायगढ़ जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, इन क्षेत्रों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश के साथ 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और आंधी-तूफान आने की आशंका है। मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए पहले जारी ऑरेंज अलर्ट को रेड अलर्ट में बदल दिया गया।

आईएमडी ने चेतावनी दी है कि लगातार बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव, फ्लैश फ्लड, नदियों का जलस्तर बढ़ने और भूस्खलन जैसी घटनाएं हो सकती हैं। तेज हवाओं से पेड़ गिरने और जर्जर इमारतों को नुकसान पहुंचने की भी संभावना है। वहीं, कोंकण तट पर समुद्र में ऊंची लहरें उठ सकती हैं, जिससे सड़क, रेल, हवाई और फेरी सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं।

इस बीच, बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने नागरिकों से गैर-जरूरी यात्रा से बचने और जर्जर इमारतों, पेड़ों, बिजली के खंभों तथा होर्डिंग्स से दूर रहने की अपील की है। लोगों को समुद्र तटों और जलभराव वाले इलाकों में नहीं जाने की सलाह दी गई है। किसी भी आपात स्थिति में नागरिक बीएमसी हेल्पलाइन 1916 पर संपर्क कर सकते हैं। हालात से निपटने के लिए बीएमसी और अन्य सरकारी एजेंसियों के लगभग 15,000 अधिकारी और कर्मचारी शहरभर में तैनात किए गए हैं।

भूस्खलन से मुंबई-पुणे रेल सेवाएं प्रभावित

लगातार हो रही बारिश के कारण सोमवार तड़के मुंबई-पुणे रेल मार्ग पर भी असर पड़ा। मध्य रेलवे के अनुसार, करजत-लोनावला के बीच भोर घाट सेक्शन में दो स्थानों पर भूस्खलन होने से तीनों रेलवे लाइनें प्रभावित हुई हैं। इसके चलते कई ट्रेनों को रद्द, डायवर्ट, रीशेड्यूल या आंशिक रूप से संचालित किया गया है। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन की ताजा स्थिति की जांच करने की सलाह दी है।

पुणे के पाटन में भी भूस्खलन

उधर, पुणे जिले के पाटन क्षेत्र के एक सुदूर गांव में सोमवार सुबह भूस्खलन की घटना सामने आई। मलबे की चपेट में आने से एक घर दब गया, जिसमें रहने वाला पूरा परिवार फंसा होने की आशंका है। राहत एवं बचाव कार्य जारी है। जिला सूचना कार्यालय के अनुसार, फिलहाल किसी भी तरह के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना के बाद राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की पुणे स्थित 5वीं बटालियन की 30 सदस्यीय टीम को मौके पर भेजा गया है।

By Mohd Nafees

संपादक – सच्चाई की जीत पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713 संपर्क – 9837427792 व्हाट्सप्प – 9837427792 ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *