खटीमा, 15 जुलाई 2026। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बुधवार को दो दिवसीय भ्रमण पर खटीमा पहुंचे। लोहियाहेड हेलीपैड पर पहुंचने पर जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने उन्हें पुस्तक भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने आमजन एवं जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी कुशलक्षेम जानी तथा जनसमस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसमस्याओं का निराकरण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए लोगों को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से जनहित से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करने की अपेक्षा करते हुए कहा कि आमजन को समयबद्ध और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्रतिबद्धता है। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, दर्जा राज्य मंत्री गंभीर सिंह धामी, मोहिनी पोखरिया, सतीश भट्ट, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, उपाध्यक्ष जिला विकास प्राधिकरण जय किशन, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) कौस्तुभ मिश्र, उप जिलाधिकारी तुषार सैनी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

संपादक – सच्चाई की जीत
पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713
संपर्क – 9837427792
व्हाट्सप्प – 9837427792
ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com

