विभाग अलर्ट, CMO ने किया प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण
सितारगंज, 05 जून 2026। सितारगंज के नयागांव एवं आसपास के क्षेत्रों में वायरल हेपेटाइटिस (पीलिया) के संदिग्ध मामलों की सूचना मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। जनस्वास्थ्य की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) ने शुक्रवार को प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर हालात का जायजा लिया और मौके पर तैनात स्वास्थ्य टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान CMO ने स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देशित किया कि घर-घर जाकर सर्वेक्षण अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जाए तथा पीलिया, बुखार, पेट दर्द और अन्य संबंधित लक्षणों वाले व्यक्तियों की पहचान कर उनकी तत्काल जांच सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रत्येक संदिग्ध मरीज तक समय रहते स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जाएं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, बीमारी के संभावित कारणों में दूषित पेयजल प्रमुख रूप से सामने आ रहा है। इसे देखते हुए स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग संयुक्त रूप से प्रभावित क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने तथा लोगों को उबला हुआ और सुरक्षित पानी पीने के प्रति जागरूक कर रहे हैं। साथ ही सार्वजनिक जल स्रोतों की क्लोरीनेशन प्रक्रिया को भी तेज करने के निर्देश दिए गए हैं। इस बीच स्वास्थ्य विभाग की रैपिड रिस्पॉन्स टीम (RRT) ने प्रभावित इलाकों में व्यापक जांच अभियान शुरू कर दिया है। टीम द्वारा सार्वजनिक पेयजल स्रोतों, हैंडपंपों तथा प्रभावित परिवारों के घरों से पानी के नमूने एकत्र कर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद संक्रमण के स्रोत की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि आम जनता के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और संक्रमण की रोकथाम के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि यदि किसी व्यक्ति में पीलिया या अन्य संबंधित लक्षण दिखाई दें तो तत्काल निकटतम स्वास्थ्य केंद्र में संपर्क करें। स्थलीय निरीक्षण के दौरान संबंधित क्षेत्र के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कुलदीप यादव, आईडीएसपी (IDSP) टीम के डॉ. संतोष कुमार पांडेय सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और आवश्यक चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से स्वच्छता बनाए रखने, सुरक्षित पेयजल का उपयोग करने तथा किसी भी प्रकार के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की है।

संपादक – सच्चाई की जीत
पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713
संपर्क – 9837427792
व्हाट्सप्प – 9837427792
ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com

