Oplus_131072

काशीपुर। महापौर दीपक बाली की अध्यक्षता में आयोजित नगर निगम बोर्ड बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 614 करोड़ 52 लाख 26 हजार 484 रुपये का वार्षिक बजट सर्वसम्मति से पारित किया गया। बजट के सापेक्ष 570 करोड़ 91 लाख 85 हजार रुपये के अनुमानित व्यय के बाद लगभग 20 करोड़ 30 लाख रुपये की बचत का प्रावधान रखा गया है।
बैठक को संबोधित करते हुए महापौर दीपक बाली ने कहा कि वर्तमान बोर्ड का कार्यकाल विकास कार्यों के लिए यादगार साबित होगा और नगर में अनेक जनहितकारी योजनाओं को धरातल पर उतारा जाएगा। किन्नरों द्वारा वसूली को लेकर प्रस्ताव पारित
पार्षदों एवं सामाजिक संगठनों की मांग पर बोर्ड बैठक में प्रस्ताव पारित किया गया कि किसी भी शुभ अवसर पर किन्नर समुदाय द्वारा अधिकतम 5100 रुपये ही लिए जाएंगे। निर्धारित राशि से अधिक मांग करने अथवा अभद्र व्यवहार की शिकायत मिलने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में नगर आयुक्त द्वारा आदेश जारी किया जाएगा।
ननकाना साहिब चौक के नामकरण पर मुख्यमंत्री का आभार
बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा काशीपुर के स्टेडियम तिराहे का नाम “श्री ननकाना साहिब चौक” रखने एवं उसके सौंदर्यीकरण कार्य का शिलान्यास किए जाने पर आभार प्रस्ताव पारित किया गया। महापौर ने कहा कि इस निर्णय का सिख समाज सहित क्षेत्र की जनता ने स्वागत किया है।
आरोग्य मंदिरों में लगेंगे निशुल्क रेबीज इंजेक्शन
महापौर ने घोषणा की कि नगर के सभी आरोग्य मंदिरों में कुत्ता काटने के मामलों में निशुल्क रेबीज इंजेक्शन उपलब्ध कराए जाएंगे। ढेला नदी किनारे विकसित होगा मनोरंजन एवं वेंडिंग जोन
नगर सौंदर्यीकरण योजना के अंतर्गत ढेला नदी के किनारों पर भ्रमण पथ, साइकिलिंग ट्रैक तथा खान-पान संबंधी वेंडिंग जोन विकसित किए जाएंगे। इस प्रस्ताव का सभी पार्षदों ने स्वागत किया। सीएसआर फंड से मिलेगा विकास कार्यों को बढ़ावा
नगर निगम को विकास कार्यों में सहयोग देने के लिए इंडिया ग्लाइकोल्स लिमिटेड, नैनी पेपर मिल के स्वामी पवन अग्रवाल तथा पशुपति लैमिनेटर्स के प्रबंध निदेशक बांके गोयंका का बोर्ड द्वारा आभार व्यक्त किया गया। बताया गया कि आगामी वर्ष में उद्योगों से सीएसआर मद में 3 से 4 करोड़ रुपये की अतिरिक्त सहायता मिलने की संभावना है।
करोड़ों की विकास परियोजनाओं को स्वीकृति
बैठक में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को मंजूरी दी गई, जिनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं—
भारत सरकार की यूसीएफ योजना के अंतर्गत 228 करोड़ रुपये की परियोजनाएं।
मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत 17 वार्डों में 120.44 करोड़ रुपये के अवस्थापना विकास कार्य।
विभिन्न निधियों के अंतर्गत 23.44 करोड़ रुपये की अन्य विकास योजनाएं। पांच नए वेंडिंग जोन एवं पीएम स्वनिधि योजना से संबंधित कार्यों के लिए 11.15 करोड़ रुपये।
नगर की सफाई व्यवस्था के लिए 3.80 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक कंट्रोल रूम की स्थापना।
अल्ली खां चौक पर 135 फीट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज एवं सौंदर्यीकरण कार्य के लिए 26.21 करोड़ रुपये।
ई-रिक्शा चार्जिंग स्टेशन और एलईडी परियोजनाओं को मंजूरी
ई-रिक्शा चार्जिंग स्टेशन की स्थापना के लिए प्राप्त न्यूनतम निविदा को मंजूरी दी गई। संबंधित कंपनी निवेश करेगी और अपनी आय का 25 प्रतिशत नगर निगम को देगी।
इसके अलावा नगर निगम क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर 15 वर्षों के लिए स्वागत द्वार तथा 5 वर्षों के लिए एलईडी स्क्रीन लगाने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति प्रदान की गई। इसके बदले निगम को प्रतिवर्ष दो लाख रुपये प्राप्त होंगे।
किरायेदारों को मिलेगी राहत
नगर निगम की संपत्तियों के किरायेदार आवंटियों को बढ़े हुए किराए के बकाया भुगतान में राहत देने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई और उन्हें राहत प्रदान करने पर सहमति बनी।
जुलाई से शुरू होगा वेंडिंग जोन निर्माण
बैठक में बताया गया कि वेंडिंग जोन से संबंधित कार्य जुलाई माह से शुरू कर दिए जाएंगे। रानी लक्ष्मीबाई फूड जोन की स्थापना पर भी चर्चा की गई। ढेला नदी क्षेत्र में बनेगा शॉपिंग कॉम्प्लेक्स
ढेला नदी के निकट स्थित उस भूमि पर, जहां पहले पेट्रोल पंप प्रस्तावित था, अब शॉपिंग कॉम्प्लेक्स बनाया जाएगा। इसका डिजाइन तैयार किया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार इससे नगर निगम की आय में वृद्धि होगी।
पार्षदों ने उठाए जनहित के मुद्दे
पार्षद अब्दुल कादिर ने सिंचाई विभाग की माइनरों के किनारे सड़क निर्माण की मांग उठाई, जबकि पार्षद मयंक मेहता ने खाली पड़े प्लॉटों में कूड़ा डाले जाने और झाड़ियों की समस्या को लेकर कार्रवाई की मांग की। महापौर ने संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में प्रिंस बाली, पुष्कर बिष्ट, सतीश शर्मा, राशिद फारुकी, दीपा पाठक, वैशाली गुप्ता, संदीप सिंह, मोनू, अनीता कंबोज सहित अन्य पार्षदों ने भी विभिन्न जनसमस्याएं उठाईं, जिन पर अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए गए। बैठक में नगर आयुक्त रविंद्र सिंह बिष्ट, सहायक नगर आयुक्त शालिनी बिष्ट, कार्यालय अधीक्षक विकास शर्मा, कर अधीक्षक अनिरुद्ध गौड़, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमरजीत सिंह साहनी, सफाई निरीक्षक मनोज बिष्ट, लेखा प्रभारी शिवेंद्र खनायत सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

By Mohd Nafees

संपादक – सच्चाई की जीत पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713 संपर्क – 9837427792 व्हाट्सप्प – 9837427792 ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *