रुद्रपुर, 11 जून 2026। जनपद ऊधम सिंह नगर में निष्क्रिय बैंक खातों को पुनः सक्रिय कराने, खातों में नामिनी दर्ज कराने तथा विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं में नए नामांकन के लिए 15 जून से 15 जुलाई तक विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए जिले की सभी ग्राम पंचायतों में चरणबद्ध तरीके से शिविर लगाए जाएंगे। जिला लीड बैंक अधिकारी चिराग पटेल ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद की 375 ग्राम पंचायतों में शिविर आयोजित करने हेतु रोस्टर तैयार किया जा रहा है। इन शिविरों के माध्यम से पात्र एवं इच्छुक लाभार्थियों का प्रधानमंत्री जनधन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना तथा अटल पेंशन योजना में नामांकन कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि जनधन योजना के अनेक बैंक खाते वर्तमान में निष्क्रिय हैं, जिनमें री-केवाईसी (Re-KYC) और सी-केवाईसी (C-KYC) की प्रक्रिया पूरी करना आवश्यक है। शिविरों में ऐसे खातों को पुनः सक्रिय करने की कार्रवाई भी की जाएगी।
जिला लीड बैंक अधिकारी ने कहा कि पूर्व में ऐसे कई मामले सामने आए हैं, जिनमें खाताधारक द्वारा नामिनी दर्ज न किए जाने के कारण मृत्यु के बाद उनके परिवारजनों अथवा कानूनी वारिसों को खाते में जमा धनराशि प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। इसी को ध्यान में रखते हुए विशेष अभियान चलाया जा रहा है ताकि अधिक से अधिक खाताधारक अपने खातों में नामिनी दर्ज करा सकें। उन्होंने बताया कि 15 जून से 15 जुलाई 2026 तक आयोजित होने वाले इन विशेष शिविरों में निष्क्रिय बैंक खातों को सक्रिय करने, नामिनी दर्ज कराने, री-केवाईसी एवं सी-केवाईसी कराने के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं में नए नामांकन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

संपादक – सच्चाई की जीत
पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713
संपर्क – 9837427792
व्हाट्सप्प – 9837427792
ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com
