सच्चाई की जीत । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को देहरादून स्थित बसंत विहार में पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूरी के आवास पहुंचकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। छत्तीसगढ़ प्रवास से देहरादून पहुंचने के तुरंत बाद मुख्यमंत्री सीधे स्वर्गीय खंडूरी के निवास पहुंचे और दिवंगत आत्मा को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए विनम्र नमन किया। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि स्वर्गीय मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूरी का जीवन अनुशासन, राष्ट्रसेवा, ईमानदारी और जनकल्याण के मूल्यों का प्रेरणादायी उदाहरण रहा है। भारतीय सेना में उत्कृष्ट सेवाएं देने के बाद उन्होंने राजनीति और सार्वजनिक जीवन में भी उच्च आदर्श स्थापित किए।मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड राज्य के विकास, सुशासन और पारदर्शी प्रशासन को मजबूत आधार प्रदान करने में स्वर्गीय खंडूरी का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने अपने कार्यकाल में जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए राज्यहित में अनेक दूरदर्शी निर्णय लिए, जिनका लाभ आज भी प्रदेशवासियों को मिल रहा है।
मुख्यमंत्री धामी ने स्वर्गीय खंडूरी की पुत्री एवं विधानसभा अध्यक्ष रितु खंडूरी भूषण सहित अन्य परिजनों से भेंट कर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में धैर्य एवं संबल प्रदान करने की प्रार्थना करते हुए कहा कि यह क्षति केवल परिवार की नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड और देश की अपूरणीय क्षति है। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोकाकुल परिवार और समर्थकों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। इस अवसर पर अनेक जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

By Mohd Nafees

संपादक – सच्चाई की जीत पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713 संपर्क – 9837427792 व्हाट्सप्प – 9837427792 ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *