रूद्रपुर में नकली आयुर्वेदिक दवा फैक्ट्री पर बड़ी कार्रवाई, मिलावटी दवाओं के साथ आरोपी गिरफ्ताररूद्रपुर | 18 मई 2026 ऊधम सिंह नगर जिला प्रशासन ने मिलावटी और नकली आयुर्वेदिक दवाओं के निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दिनेशपुर क्षेत्र में संचालित एक अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। संयुक्त टीम की छापेमारी में भारी मात्रा में नकली दवाएं, एलोपैथिक दवाएं और प्रतिबंधित वन्यजीव अवशेष बरामद किए गए हैं। मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया के निर्देश पर उपजिलाधिकारी गदरपुर के नेतृत्व में जिला आयुर्वेदिक अधिकारी, ड्रग इंस्पेक्टर, पुलिस विभाग और वन विभाग की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। 7.5 कुंतल आयुर्वेदिक दवा और एलोपैथिक मेडिसिन बरामद छापेमारी के दौरान फैक्ट्री से लगभग 7.5 कुंतल आयुर्वेदिक औषधि और करीब 70 हजार रुपये मूल्य की एलोपैथिक दवाएं बरामद की गईं। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि एलोपैथिक दवाओं को आयुर्वेदिक औषधियों में मिलाकर मधुमेह यानी शुगर की नकली दवा तैयार की जा रही थी। अधिकारियों के मुताबिक यह लोगों के स्वास्थ्य के साथ गंभीर खिलवाड़ था।
लैब जांच में मिलावट की पुष्टि जिला आयुर्वेदिक अधिकारी और ड्रग इंस्पेक्टर द्वारा दवाओं के नमूने परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजे गए थे। जांच रिपोर्ट में दवाओं में मिलावट की पुष्टि होने के बाद संबंधित आरोपियों के खिलाफ औषधि एवं सौंदर्य प्रसाधन अधिनियम 1940 की धारा 33EEC/33E के तहत कार्रवाई शुरू की गई। फैक्ट्री से हिरण के सींग भी बरामद कार्रवाई के दौरान वन विभाग की टीम ने फैक्ट्री परिसर से हिरण के 7 कटे हुए सींग भी बरामद किए हैं। मामले में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत अलग से कार्रवाई की जा रही है। इसके अलावा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। डीएम बोले- स्वास्थ्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने कहा कि जनपद में नकली और मिलावटी दवाओं का निर्माण व बिक्री गंभीर अपराध है और ऐसे मामलों में प्रशासन पूरी सख्ती से कार्रवाई करेगा। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि बेहतर समन्वय के साथ लगातार निगरानी रखी जाए और दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। आमजन से प्रशासन की अपील जिलाधिकारी ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति के पास इस नकली दवा प्रकरण से जुड़ी कोई जानकारी, साक्ष्य या शिकायत हो तो वह उपजिलाधिकारी गदरपुर या संबंधित विभागीय अधिकारियों को सूचना दे सकता है। जिला सूचना कार्यालय, ऊधम सिंह नगर

संपादक – सच्चाई की जीत
पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713
संपर्क – 9837427792
व्हाट्सप्प – 9837427792
ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com
