
भाजपा ने उत्तराखंड में आगामी चुनावों की तैयारी तेज कर दी है और इस बार पार्टी कोई जोखिम लेने के मूड में नहीं है। संगठन ने हाल ही में कराए गए दो अलग-अलग सर्वे में पाया कि पार्टी के आठ मौजूदा विधायक अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पा रहे हैं। इन सीटों पर हार की संभावना भी जताई गई है, जिससे उनकी टिकट और उम्मीदवारी पर सवाल खड़े हो गए हैं। सूत्रों के अनुसार, पार्टी अब हर सीट और वहां के विधायक के कामकाज की गंभीरता से समीक्षा कर रही है। जिन सीटों पर पिछली बार जीत मिली थी, उन्हीं में से आठ सीटें अब कमजोर स्थिति में दिखाई दे रही हैं। इसे देखते हुए संगठन ने संबंधित विधायकों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे जमीनी स्तर पर सक्रिय हों और अपने वादों को जल्द पूरा करें। लगातार दो बार सरकार बनाने के बाद भाजपा तीसरी बार सत्ता में वापसी के लिए कोई चूक नहीं करना चाहती, इसलिए हर स्तर पर सतर्कता बरती जा रही है।
सभी सीटों को लेकर गहराई से जानकारी सामने आई
यहां के विधायकों ने जनता से जो वादे किए थे, वह अब तक पूरे नहीं किए। धरातल पर उनकी सक्रियता भी अपेक्षाकृत कम है। अगले चुनाव के मद्देनजर भाजपा 10 साल की सत्ता विरोधी किसी लहर को पनपने नहीं देना चाहती। साथ ही उन सीटों पर भी अलग से रणनीति बनाई गई है, जो पिछले चुनाव में हार गए थे। सर्वे में इन सभी सीटों को लेकर गहराई से जानकारी सामने आई है, जिस पर संगठन आगे की रणनीति तैयार करने में जुटा है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट का स्पष्ट रुख है कि उनके लिए एक-एक सीट पर जिताऊ उम्मीदवार ही प्राथमिकता है। सर्वे भी इसी नजरिए से देखे जा रहे हैं। माना जा रहा है कि अगले चुनाव की तैयारी में जुटे विधायकों ने अपने प्रदर्शन में सुधार न किया तो पार्टी उनका टिकट काटने से गुरेज नहीं करेगी।

संपादक – सच्चाई की जीत
पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713
संपर्क – 9837427792
व्हाट्सप्प – 9837427792
ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com
