काशीपुर। जहां उत्सव वहां स्वच्छता कार्यक्रम के तहत नगर निगम काशीपुर चैती मेला समाप्ति के उपरांत 29 अप्रैल दिन बुधवार को प्रातः 7:00 बजे मेला परिसर की सफाई का अभियान चलाएगा। महापौर श्री दीपक बाली की ओर से शहरवासियों को इस स्वच्छता महाअभियान में भागीदारी करने का आह्वान किया गया है। महापौर दीपक बाली ने कहा है कि चैती मेला जैसे बड़े धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों के दौरान स्वच्छता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। चूंकि चैती मेला अब समाप्त हो चुका है लिहाजा हम सभी की जिम्मेदारी बनती है कि मेले के उपरांत मेला परिसर की सफाई की जाए ताकि यहां स्थित धार्मिक स्थलों की पवित्रता और स्वच्छता बनी रहे। इस क्षेत्र से क्योंकि अनेक लोग गुजरते हैं उन्हें यहां की स्वच्छता का एहसास होना चाहिए। इसीलिए यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने परिवार और मित्रों के साथ इस अभियान में शामिल होकर शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में योगदान दें।
उन्होंने यह भी कहा कि नगर निगम काशीपुर द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान केवल सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि यह लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने का एक प्रयास है। जनभागीदारी से ही इस अभियान को सफल बनाया जा सकता है।
महापौर ने सभी सामाजिक संगठनों, पार्षदों युवाओं और आम नागरिकों से सहयोग की अपेक्षा जताते हुए कहा कि “आइए, हम सब मिलकर अपने काशीपुर को एक स्वच्छ और आदर्श शहर बनाएं।”

संपादक – सच्चाई की जीत
पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713
संपर्क – 9837427792
व्हाट्सप्प – 9837427792
ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com
