रुद्रपुर, 3 अक्टूबर 2026।
बनबसा (चम्पावत) में 4 अक्टूबर को प्रस्तावित कैबिनेट बैठक तथा खटीमा में आयोजित होने वाले उत्तराखंड आदि रंगोत्सव कार्यक्रम को लेकर ऊधमसिंह नगर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रमों के दृष्टिगत जनपद में कैबिनेट मंत्रियों, शासन के उच्चाधिकारियों तथा अन्य विशिष्ट अतिथियों के भ्रमण को देखते हुए जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए नोडल एवं सह-नोडल अधिकारियों को नामित कर महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी हैं। शनिवार सुबह जिलाधिकारी ने नामित सभी नोडल एवं सह-नोडल अधिकारियों की ब्रीफिंग करते हुए तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उत्तराखंड आदि रंगोत्सव कार्यक्रम में तीन केंद्रीय मंत्रियों के आगमन का भी प्रस्तावित कार्यक्रम है। इसे देखते हुए प्रशासन द्वारा सुरक्षा, यातायात, प्रोटोकॉल, आवागमन, पार्किंग, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य सहित विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी तैयारियां त्रुटिरहित, व्यवस्थित एवं समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नोडल एवं सह-नोडल अधिकारी अपने-अपने विभागों से समन्वय स्थापित करते हुए सौंपे गए दायित्वों का धरातल पर समय से क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय एवं बेहतर तालमेल के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। कार्यक्रमों के सफल एवं सुचारु आयोजन के लिए सभी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा, संयुक्त मजिस्ट्रेट आशिमा गोयल, डीएफओ यूसी तिवारी, नगर आयुक्त शिप्रा जोशी, एसडीएम ऋचा सिंह सहित विभिन्न विभागों के नोडल एवं सह-नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।

By Mohd Nafees

संपादक – सच्चाई की जीत पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713 संपर्क – 9837427792 व्हाट्सप्प – 9837427792 ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *