काशीपुर। साइबर अपराधों से बचाव और विद्यार्थियों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से काशीपुर पुलिस द्वारा शनिवार, 3 अक्टूबर 2026 को साइबर जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत कोतवाली काशीपुर पुलिस की टीम ने गोविंद बल्लभ पंत इंटर कॉलेज काशीपुर एवं कृष्णा पब्लिक स्कूल काशीपुर में पहुंचकर छात्र-छात्राओं को साइबर सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को Cyber Bullying (साइबर बुलिंग), Online Gaming (ऑनलाइन गेमिंग), Social Media Safety (सोशल मीडिया सुरक्षा) एवं Privacy Awareness (निजता की सुरक्षा) के बारे में विस्तार से जागरूक किया। इस दौरान बच्चों को सोशल मीडिया का सुरक्षित एवं जिम्मेदारी से उपयोग करने, अनजान लोगों से ऑनलाइन संपर्क में सावधानी बरतने तथा अपनी निजी जानकारी, फोटो, पासवर्ड और अन्य संवेदनशील जानकारियां किसी के साथ साझा न करने की सलाह दी गई। पुलिस ने विद्यार्थियों को बताया कि साइबर दुनिया में छोटी-सी लापरवाही भी ऑनलाइन ठगी अथवा अन्य साइबर अपराध का कारण बन सकती है। साथ ही संदिग्ध लिंक, मैसेज या ऑनलाइन गतिविधियों से सतर्क रहने तथा किसी भी साइबर घटना की जानकारी तत्काल अभिभावकों अथवा पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया गया। काशीपुर पुलिस ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहें और अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के लिए जागरूक करें। अभियान का उद्देश्य बच्चों को बदलते डिजिटल परिवेश में सुरक्षित, सजग और जिम्मेदार इंटरनेट उपयोगकर्ता बनाना रहा।

संपादक – सच्चाई की जीत
पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713
संपर्क – 9837427792
व्हाट्सप्प – 9837427792
ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com
