कोतवाली काशीपुर व आईटीआई पुलिस ने संयुक्त रूप से चलाया सघन चेकिंग अभियान, प्रत्याशियों और समर्थकों को दिए कड़े दिशा-निर्देश काशीपुर, 27 सितंबर 2026। आगामी छात्रसंघ चुनाव 2026-27 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से काशीपुर पुलिस पूरी तरह सतर्क है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, ऊधम सिंह नगर के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी काशीपुर के पर्यवेक्षण में पुलिस द्वारा लगातार निगरानी और चेकिंग अभियान चलाए जा रहे हैं।
इसी क्रम में रविवार, 27 सितंबर को कोतवाली काशीपुर एवं कोतवाली आईटीआई पुलिस बल ने संयुक्त रूप से क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस टीम ने छात्रसंघ चुनाव में विभिन्न पदों के प्रत्याशियों के चुनाव कार्यालयों का औचक भ्रमण एवं भौतिक निरीक्षण किया। पुलिस टीम ने प्रत्याशियों एवं उनके समर्थकों से चुनाव प्रचार के दौरान आदर्श आचार संहिता, लिंगदोह समिति की सिफारिशों तथा न्यायालय के निर्देशों का पूरी तरह पालन करने को कहा। पुलिस ने स्पष्ट किया कि चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हुड़दंग और नियमों के उल्लंघन पर होगी कार्रवाई पुलिस ने प्रत्याशियों और समर्थकों को चेतावनी दी कि चुनाव प्रचार के दौरान हुड़दंग, शक्ति प्रदर्शन, बिना अनुमति लाउडस्पीकर अथवा डीजे का प्रयोग, अवैध पोस्टर-बैनर लगाना या सार्वजनिक शांति एवं कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि से पूरी तरह बचें। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने की सहयोग की अपील काशीपुर पुलिस ने सभी छात्र नेताओं, प्रत्याशियों, समर्थकों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि छात्रसंघ चुनाव को लोकतांत्रिक मर्यादाओं के अनुरूप शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें। पुलिस ने लोगों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा अफवाह की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को देने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। चुनाव के मद्देनजर क्षेत्र में पुलिस की निगरानी और चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।

संपादक – सच्चाई की जीत
पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713
संपर्क – 9837427792
व्हाट्सप्प – 9837427792
ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com

