काशीपुर, 28 सितंबर 2026। सेवा संकल्प फाउंडेशन के तत्वावधान में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, काशीपुर में महिला स्वास्थ्य जन जागरूकता एवं निःशुल्क सैनिटरी नैपकिन वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मेयर दीपक बाली ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान कॉलेज की छात्राओं को निःशुल्क सैनिटरी नैपकिन वितरित किए गए।
मेयर दीपक बाली ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में बेटियों के स्वास्थ्य, स्वच्छता और आत्मविश्वास को प्राथमिकता देते हुए इस तरह के जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मासिक धर्म से जुड़े विषयों पर छात्राओं को बिना झिझक खुलकर बात करने के लिए प्रोत्साहित किया जाना जरूरी है, ताकि उन्हें स्वास्थ्य संबंधी सही जानकारी और आवश्यक संसाधन उपलब्ध हो सकें। उन्होंने बताया कि गीता धामी स्वयं कार्यक्रम में शामिल होना चाहती थीं, लेकिन किसी कारणवश उपस्थित नहीं हो सकीं। उन्होंने छात्राओं के लिए अपना संदेश भेजा, जिसे कार्यक्रम में पढ़कर सुनाया गया। संदेश में मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता एवं स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने, इससे जुड़ी भ्रांतियों और संकोच को दूर करने तथा अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का आह्वान किया गया। गीता धामी के संदेश में कहा गया कि स्वस्थ, जागरूक और आत्मविश्वासी बेटियां ही सशक्त समाज की मजबूत नींव हैं। इसी उद्देश्य से महिला स्वास्थ्य जागरूकता एवं सैनिटरी नैपकिन वितरण अभियान को उत्तराखंड के सभी जनपदों तक निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है। कार्यक्रम में भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष आकांक्षा ठाकुर, जिला मंत्री प्रियंका मिश्रा, प्रभारी प्रधानाचार्य कांति कला, नंदा प्रकाश, आभा पाठक सहित विद्यालय की बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।

संपादक – सच्चाई की जीत
पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713
संपर्क – 9837427792
व्हाट्सप्प – 9837427792
ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com

