रुद्रपुर, 23 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला सूचना विभाग, ऊधम सिंह नगर द्वारा जनपद की विभिन्न ग्राम पंचायतों में केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के लिए व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों को योजनाओं के लाभ, पात्रता और उद्देश्यों की जानकारी सरल एवं रोचक तरीके से दी जा रही है। जिला सूचना अधिकारी गोविन्द सिंह बिष्ट ने बताया कि सूचना विभाग में पंजीकृत विभिन्न सांस्कृतिक दलों के कलाकारों द्वारा ग्राम पंचायतों में गीत-नाट्य प्रस्तुतियों, लोकगीतों, नुक्कड़ नाटकों तथा प्रचार साहित्य के माध्यम से ग्रामीणों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं जनहितकारी कार्यक्रमों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के दौरान ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की पात्रता, उनसे मिलने वाले लाभ तथा आवेदन प्रक्रिया से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी जा रही है। साथ ही योजनाओं से संबंधित प्रचार-प्रसार सामग्री भी वितरित की जा रही है, ताकि ग्रामीण योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर पात्रतानुसार उनका लाभ उठा सकें।
जिला सूचना अधिकारी ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत पूरे माह जनपद की विभिन्न ग्राम पंचायतों में इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान का उद्देश्य केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी समाज के अंतिम छोर तक पहुंचाना, पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ना तथा ग्रामीणों को उनके अधिकारों एवं उपलब्ध सुविधाओं के प्रति जागरूक करना है।
उन्होंने कहा कि लोक कला, लोकगीत और गीत-नाट्य के माध्यम से दी जाने वाली जानकारी ग्रामीणों तक प्रभावी एवं सहज तरीके से पहुंचती है। इसी को ध्यान में रखते हुए सूचना विभाग द्वारा पंजीकृत सांस्कृतिक दलों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों में मां नैना सांस्कृतिक एवं जन कल्याण सेवा समिति, राणा प्रताप थारू जनजाति विकास समिति, पंखुड़ी थारू सांस्कृतिक समिति, खटीमा स्वयं सिद्धा विकास खंड सोसायटी, राणा थारू जनजाति सांस्कृतिक उत्थान समिति, देवभूमि थारू जनजाति सांस्कृतिक विकास समिति, जनजाति थारू कला एवं उत्थान समिति, थारू कला निपुण जनजाति सांस्कृतिक समिति, व्याख्या जन जागृति संस्कृति संगीत एवं नाट्य समिति, वन्या थारू उत्थान समिति, जय भूमसेन होलिका उत्थान समिति, वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप थारू सांस्कृतिक उत्थान समिति, परिवर्तन सेवा समिति, रतनपुर थारू हंस सांस्कृतिक जन कल्याण सेवा समिति तथा नई रोशनी थारू समाज कल्याण समिति सहित विभाग में पंजीकृत सांस्कृतिक दलों के कलाकारों द्वारा प्रस्तुतियां दी जा रही हैं।

संपादक – सच्चाई की जीत
पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713
संपर्क – 9837427792
व्हाट्सप्प – 9837427792
ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com
