युवा आयोग और डेडिकेटेड अग्निवीर सेल से युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में कदम देहरादून में देश की पांचवीं सबसे बड़ी साइंस सिटी, हर जिले में स्थापित होंगे साइंस एंड टेक्नोलॉजी सेंटर काशीपुर, 19 सितंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को काशीपुर के एक निजी होटल में आयोजित युवा विद्यार्थी संवाद कार्यक्रम में विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं के सवालों का सहजता से जवाब देते हुए शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास, पलायन, अग्निवीर योजना, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर क्राइम, भ्रष्टाचार और उत्तराखंड के विकास से जुड़े विषयों पर सरकार की प्राथमिकताएं एवं आगामी योजनाओं की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत का संकल्प देश के सामने रखा है। इस संकल्प को साकार करने में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने कहा कि युवाओं के पास नया विजन, आउट ऑफ द बॉक्स सोच और कुछ कर गुजरने का जज्बा है। हाल ही में सरकार ने युवाओं से ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ को लेकर सुझाव मांगे थे, जिसमें विद्यार्थियों ने राज्य के विभिन्न विषयों पर महत्वपूर्ण सुझाव और विचार दिए। इन सुझावों से यह विश्वास और मजबूत हुआ है कि उत्तराखंड का भविष्य प्रतिभाशाली और जागरूक युवाओं के हाथों में सुरक्षित है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड भले ही छोटा राज्य हो, लेकिन यहां के युवाओं के सपने बहुत बड़े हैं। आज की युवा पीढ़ी सपने देखने के साथ उन्हें पूरा करने का साहस भी रखती है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रदेश का कोई भी प्रतिभाशाली युवा अवसरों के अभाव में पीछे न छूटे।
शिक्षा और विज्ञान पर विशेष जोर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। प्रदेश में 189 अटल उत्कृष्ट विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं तथा सरकारी विद्यालयों में एनसीईआरटी आधारित पाठ्यक्रम लागू किया गया है। वर्चुअल क्लासरूम नेटवर्क का भी विस्तार किया जा रहा है। छात्राओं को नंदा गौरा योजना के माध्यम से आर्थिक सहायता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित रखने के बजाय विज्ञान और नई तकनीक से जोड़ना जरूरी है। इसी उद्देश्य से देहरादून में देश की पांचवीं साइंस सिटी विकसित की जा रही है। प्रदेश में स्टेम लैब्स, विज्ञान एवं नवाचार से जुड़ी गतिविधियों तथा बाल विज्ञान कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और प्रैक्टिकल लर्निंग को बढ़ावा दिया जा रहा है। हर जिले में साइंस एंड टेक्नोलॉजी सेंटर विद्यार्थियों के सवालों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य के प्रत्येक जिले में साइंस एंड टेक्नोलॉजी सेंटर स्थापित किए जा रहे हैं। उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को चुनौती के साथ-साथ अवसर बताते हुए युवाओं से बदलती तकनीक के अनुरूप स्वयं को तैयार करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक और नए शोधों ने कठिन कार्यों को आसान बनाने का काम किया है, इसलिए युवाओं को टेक्नोलॉजी से अनभिज्ञ नहीं रहना चाहिए। रोजगार और पलायन रोकना सरकार की प्राथमिकता मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार चाहती है कि उत्तराखंड के युवाओं को बेहतर शिक्षा, रोजगार और कौशल विकास के लिए अपना घर और पहाड़ छोड़ने की मजबूरी न हो। इसी दिशा में प्रदेश में औद्योगिक एवं रोजगार के नए अवसर विकसित किए जा रहे हैं। युवाओं को जॉब सीकर के साथ-साथ जॉब क्रिएटर बनने के लिए प्रेरित करते हुए स्टार्टअप और नवाचार को बढ़ावा दिया जा रहा है। बदलती जरूरतों के अनुसार युवाओं को आधुनिक एवं डिमांड बेस्ड स्किल्स से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में स्वास्थ्य, शिक्षा और बेहतर कनेक्टिविटी जैसी सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। किसानों को स्थानीय स्तर पर अपने उत्पादों का बाजार उपलब्ध कराने और उनकी फसलों का उचित मूल्य दिलाने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। युवा आयोग और अग्निवीर सेल को लेकर दी जानकारी
विद्यार्थी शौर्य के सवाल का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा आयोग युवाओं की पढ़ाई पूरी होने के बाद उनके लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और उन्हें सरकारी सेवाओं से जोड़ने की दिशा में काम करेगा। वहीं, छात्रा चंद्रा द्वारा अग्निवीर सैनिकों के भविष्य को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार अग्निवीरों के भविष्य को लेकर सजग है। इसके लिए डेडिकेटेड अग्निवीर सेल का गठन किया गया है, जो अग्निवीरों के भविष्य और रोजगार से जुड़े विषयों पर कार्य करेगा। भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की बात छात्रा प्रभजोत द्वारा भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि यदि कोई व्यक्ति काम के बदले रिश्वत मांगता है या अनुचित दबाव बनाता है तो टोल फ्री नंबर 1064 अथवा संबंधित मोबाइल ऐप के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाती है और शिकायतों पर विशेष टीमों द्वारा जांच की जाती है। युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान
मुख्यमंत्री ने युवाओं के सामने नशे को बड़ी चुनौती बताते हुए कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित नहीं करता, बल्कि पूरे परिवार के सपनों और भविष्य पर असर डालता है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने मित्रों और साथियों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को बेहतर अवसर, संसाधन और प्लेटफॉर्म उपलब्ध करा सकती है, लेकिन इन अवसरों को सफलता में बदलना युवाओं के अपने प्रयास पर निर्भर करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने पूर्व राष्ट्रपति एवं महान वैज्ञानिक डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के जीवन को युवाओं के लिए प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद सीखने की इच्छा और मेहनत के बल पर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास करने की अपील की। करीब 1400 विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर मुख्यमंत्री से सवाल किए। शौर्य, दक्ष, चंद्रा, प्रभजोत, खुशी, सिमरन, कात्यायनी, आरती, वैष्णवी और आद्रिका सहित विद्यार्थियों ने युवा आयोग, ‘सपनों का उत्तराखंड’, अग्निवीर योजना, साइबर क्राइम, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और भ्रष्टाचार से जुड़े सवाल पूछे। विद्यार्थी संवाद कार्यक्रम में 17 विद्यालयों के करीब 1400 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। इससे पूर्व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हेलीपैड पर जनप्रतिनिधियों एवं जनता से मुलाकात की। इस अवसर पर विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, महापौर दीपक बाली, दर्जा मंत्री उत्तम दत्ता, फरजाना बेगम, मनजीत सिंह राजू, सुरेंद्र सिंह नामधारी, मुकेश कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज पाल, खिलेंद्र चौधरी, मोहन पाल, गुरविंदर सिंह चंडोक सहित एसएसपी अजय गणपति, वीसी जयकिशन, सीडीओ दिवेश शाशनी, एडीएम पंकज उपाध्याय, एसडीएम अभय प्रताप सिंह एवं अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

संपादक – सच्चाई की जीत
पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713
संपर्क – 9837427792
व्हाट्सप्प – 9837427792
ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com

