जन्मदिन पर आयोजित कार्यक्रम में सीएम धामी ने युवाओं से कहा कि डॉक्टर, इंजीनियर, वैज्ञानिक, खिलाड़ी, शिक्षक, उद्यमी जो भी बनें या जनसेवा के क्षेत्र में जाएं लेकिन इन सबसे पहले एक अच्छा इंसान और जिम्मेदार नागरिक अवश्य बनें। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का जन्मदिन युवा संकल्प दिवस के रूप में मनाया गया। मुख्यमंत्री ने अपने जन्मदिवस पर युवाओं से तीन संकल्पों का गुलदस्ता मांगा। पहला, जीवन में एक बड़ा लक्ष्य निर्धारित करें और उसे प्राप्त करने के लिए पूरी मेहनत करें। दूसरा, नशे से दूर रहें और अपने साथियों को भी बचाएं। तीसरा, जिस भी क्षेत्र में सफलता हासिल करें, अपने ज्ञान, अनुभव और सामर्थ्य का कुछ अंश उत्तराखंड की पावन भूमि के विकास और जनकल्याण के लिए अवश्य समर्पित करें।

रेंजर्स ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में सीएम धामी ने युवाओं से कहा कि डॉक्टर, इंजीनियर, वैज्ञानिक, खिलाड़ी, शिक्षक, उद्यमी जो भी बनें या जनसेवा के क्षेत्र में जाएं लेकिन इन सबसे पहले एक अच्छा इंसान और जिम्मेदार नागरिक अवश्य बनें। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा, उत्साह और संकल्प उन्हें भी निरंतर नई ऊर्जा प्रदान करता है। युवाओं की आंखों में उन्हें भविष्य का विकसित और आत्मनिर्भर उत्तराखंड दिखाई देता है। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के संकल्प को साकार करने में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होगी। 38वें राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन के बाद देवभूमि उत्तराखंड खेलभूमि के रूप में भी अपनी नई पहचान बना रही है। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री खजान दास, गणेश जोशी, राज्यसभा सांसद एवं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक विनोद चमोली, सविता कपूर, बृजभूषण गैरोला, मेयर सौरभ थपलियाल आदि मौजूद रहे।

उद्योगों के स्वरूप को बदल रहा एआई
मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स, ऑटोमेशन और डिजिटल टेक्नोलॉजी रोजगार तथा उद्योग के स्वरूप को तेजी से बदल रहे हैं। राज्य सरकार युवाओं को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप आधुनिक कौशल से जोड़ने पर विशेष ध्यान दे रही है। पर्यटन, होमस्टे और स्थानीय उत्पादों के माध्यम से भी स्वरोजगार के नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में औद्योगिक विकास और स्थानीय स्तर पर रोजगार को बढ़ावा देने के लिए चमोली, पौड़ी और अल्मोड़ा जनपदों में विशेष औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने का निर्णय लिया गया है।

युवा आयोग का गठन महत्वपूर्ण कदम
सीएम ने कहा कि राज्य युवा आयोग का गठन युवाओं की आशाओं और आकांक्षाओं को नीति निर्माण से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। सरकार चाहती है कि युवाओं से संबंधित नीतियों के निर्माण में उनकी आवाज और भागीदारी भी सुनिश्चित हो। युवा आयोग कौशल विकास, रोजगार, उद्यमिता और नवाचार को बढ़ावा देने के साथ युवाओं को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने और नशे, साइबर अपराध और अन्य सामाजिक बुराइयों के प्रति जागरूक करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

By Mohd Nafees

संपादक – सच्चाई की जीत पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713 संपर्क – 9837427792 व्हाट्सप्प – 9837427792 ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *