एपल आज यानी नौ सितंबर को आईफोन 18 प्रो सीरीज लॉन्च करने जा रही है। नई सीरीज को लेकर सामने आई रिपोर्ट्स में प्रोसेसर से लेकर कैमरा, बैटरी और एआई तक बड़े अपडेट्स दिए गए हैं। खासतौर पर 2nm चिप, मैकेनिकल एपर्चर वाला कैमरा और बेहतर ऑन-डिवाइस एआई इसे पिछले मॉडल से अलग बना सकते हैं। हालांकि, इनमें से कुछ फीचर्स अभी रिपोर्ट्स और लीक पर आधारित हैं, इसलिए लॉन्च के समय आधिकारिक जानकारी अलग हो सकती है। एपल के नई सीरीज की राह देख रहे लोगों का इंतजार जल्द खत्म होने वाला है। कंपनी अपने सरप्राइज एंड शाइन इवेंट में नई आईफोन 18 प्रो सीरीज को आधिकारिक तौर पर पेश कर रही है। यह सीरीज केवल कॉस्मेटिक बदलावों तक सीमित न रहकर परफॉर्मेंस, फोटोग्राफी और ऑन-डिवाइस एआई के मामले में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।

1. 2nm A20 Pro चिप देगी ज्यादा पावर

आईफोन 18 प्रो सीरीज में A20 Pro चिप मिलने की उम्मीद है। यह TSMC के 2nm यानी N2 प्रोसेस पर तैयार की जाने वाली पहली आईफोन चिप हो सकती है।

इस चिप में नया WMCM यानी वेफर-लेवल मल्टी-चिप मॉड्यूल पैकेजिंग सिस्टम मिलने की बात कही जा रही है। इसमें डीरैम को साइड में शिफ्ट किया जा सकता है। इससे बेहतर थर्मल मैनेजमेंट और कूलिंग में मदद मिलने की उम्मीद है।

A20 Pro में LPDDR6 मेमोरी और 96-bit बस भी मिल सकती है। इसके अलावा AI से जुड़े कामों के लिए बड़ा एनपीयू यानी न्यूरल प्रोसेसिंग यूनिट दिया जा सकता है।

परफॉर्मेंस की बात करें तो रिपोर्ट्स के मुताबिक A20 Pro, A19 Pro की तुलना में करीब 18 प्रतिशत तेज और लगभग 30 प्रतिशत ज्यादा पावर एफिशिएंट हो सकती है। यानी सीपीयू और जीपीयू परफॉर्मेंस के साथ एआई कंप्यूटिंग में भी ठोस सुधार देखने को मिल सकता है।

रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया है कि यही चिप प्रो मॉडल और फोल्डेबल आईफोन में इस्तेमाल की जा सकती है।

2. कैमरे में पहली बार मिल सकता है मैकेनिकल एपर्चर

  • आईफोन 18 प्रो का कैमरा इस बार सबसे बड़े हार्डवेयर अपग्रेड्स में से एक हो सकता है। फोन के मुख्य 48MP कैमरे में वेरिएबल या मैकेनिकल एपर्चर मिलने की बात कही जा रही है।
  • अगर यह फीचर आता है तो आईफोन में पहली बार यूजर्स को एपर्चर पर ज्यादा नियंत्रण मिल सकता है। इसका सीधा असर फोटो में आने वाली रोशनी और डेप्थ ऑफ फील्ड पर पड़ेगा।
  • यानी यूजर जरूरत के हिसाब से शैलो बोकेह (Bokeh) से लेकर डीप फोकस तक हासिल कर सकेगा। इससे पोर्ट्रेट और अलग-अलग लाइटिंग कंडीशन में फोटोग्राफी बेहतर हो सकती है।
  • टेलीफोटो कैमरे में भी वाइडर एपर्चर मिलने की संभावना जताई जा रही है। वहीं फ्रंट कैमरे को भी अपग्रेड किया जा सकता है और इसमें 18MP या 24MP कैमरा मिलने की बात सामने आई है।
  • बेहतर सेंसर के साथ प्रो-फोक्स्ड सॉफ्टवेयर फीचर्स भी मिल सकते हैं, खासकर iOS 27 के साथ। यही वजह है कि कैमरा अपग्रेड को आईफोन 18 प्रो के सबसे बड़े बदलावों में शामिल किया जा रहा है।

3. मैगसेफ में बड़ा बदलाव नहीं, डिजाइन में हो सकता है ट्विस्ट

  • मैगसेफ को लेकर फिलहाल किसी बड़े फंक्शनल बदलाव की मजबूत खबर सामने नहीं आई है। आईफोन 18 प्रो में मैगसेफ और क्यूआई 2 वायरलेस चार्जिंग जारी रहने की उम्मीद है। वायरलेस चार्जिंग करीब 25W तक हो सकती है।
  • फोन के रियर हिस्से में सैरेमिक सील्ड एरिया को लेकर हल्का डिजाइन बदलाव देखने को मिल सकता है। इसमें ज्यादा फ्रॉस्टेड, सीमलेस या थोड़ा ट्रांसपेरेंट लुक दिया जा सकता है।
  • वहीं मैगसेफ केस के डिजाइन को भी बदला जा सकता है। कुछ रिपोर्ट्स में इसके डिजाइन के मूल सर्कल स्टाइल पर वापस लौटने की संभावना जताई गई है।
  • हालांकि, फोल्डेबल आईफोन को लेकर अलग अटकलें हैं। फोल्डेबल मॉडल में जगह की कमी के कारण मैगसेफ नहीं दिए जाने की संभावना भी बताई जा रही है।

4. Pro Max में करीब 500mAh ज्यादा बैटरी

  • बैटरी को लेकर आईफोन वालों को हमेशा से शिकायत रहती है। इसलिए इस बार कंपनी ने बैटरी पर खास ध्यान दिया है इसलिए बैटरी के मामले में भी आईफोन 18 Pro सीरीज में बदलाव देखने को मिल सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक आईफोन 18 प्रो में करीब 4,056–4,288mAh की बैटरी दी जा सकती है।
  • वहीं आईफोन 18 प्रो मैक्स में करीब 5,391–5,567mAh की बैटरी मिलने की बात कही जा रही है।
  • प्रो मैक्स की बैटरी पिछले स्तर की तुलना में करीब 500mAh यानी लगभग 9–12 प्रतिशत ज्यादा हो सकती है। इसलिए बैटरी के मामले में सबसे ज्यादा नोटिसेबल अपग्रेड Pro Max मॉडल में देखने को मिल सकता है।
  • इसके साथ बेहतर वेपर चैंबर कूलिंग भी दी जा सकती है। 2nm A20 Pro चिप और C2 मॉडेम की बेहतर एफिशिएंसी के साथ रियल-वर्ल्ड बैटरी लाइफ में भी अच्छा सुधार मिलने की उम्मीद है।

5. एआई के लिए बड़ा एनपीयू और 12GB RAM

  • एपल इस बार आईफोन 18 Pro सीरीज में ऑन-डिवाइस AI पर ज्यादा फोकस कर सकती है। Pro मॉडल में 12GB रैम और बड़ा एनपीयू दिए जाने की बात कही जा रही है। इसका फायदा फोन पर सीधे एआई प्रोसेसिंग करने में मिल सकता है। यानी कई एआई टास्क के लिए क्लाउड पर निर्भरता कम हो सकती है।
  • iOS 27 के साथ सिरी में भी बड़े AI बदलाव आने की उम्मीद है। इसमें स्क्रीन अवेयरनेस, ऐप एक्शन और ज्यादा नेचुरल प्रोसेसिंग जैसे फीचर्स शामिल हो सकते हैं।
  • कुछ रिपोर्ट्स में सिरी के लिए जेमिनी-पावर्ड फीचर्स की भी बात कही गई है।
  • इसके अलावा प्रो मॉडल पर एडवांस्ड एपल इंटेलिजेंस फीचर्स को फुल सपोर्ट मिल सकता है। एआई का इस्तेमाल कैमरा, फोटो एडिटिंग और सामान्य रोजमर्रा के टास्क में भी बढ़ाया जा सकता है।
  • आईफोन 18 प्रो सीरीज में इस बार सबसे बड़ा फोकस चिप, कैमरा, बैटरी और AI पर दिखाई दे रहा है। A20 प्रो की 2nm टेक्नोलॉजी और बेहतर पावर एफिशिएंसी से लेकर 48MP कैमरे के संभावित मैकेनिकल एपर्चर तक, हार्डवेयर में कई महत्वपूर्ण बदलावों की उम्मीद है।
  • वहीं प्रो मैक्स में बड़ी बैटरी और बेहतर कूलिंग इसे खास बना सकती है। इसके साथ 12GB RAM और बड़े NPU के जरिए एपल ऑन-डिवाइस AI को भी अगले स्तर पर ले जाने की कोशिश कर सकती है। हालांकि, इन फीचर्स में से कई की जानकारी अभी रिपोर्ट्स और अटकलों पर आधारित है। आज लॉन्च के दौरान एपल इन फीचर्स और स्पेसिफिकेशंस की आधिकारिक जानकारी सामने रखेगी।

By Mohd Nafees

संपादक – सच्चाई की जीत पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713 संपर्क – 9837427792 व्हाट्सप्प – 9837427792 ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *