काशीपुर। रुद्रपुर जाते समय भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट रविवार को काशीपुर पहुंचे और महापौर दीपक बाली के आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान महापौर दीपक बाली एवं उनकी धर्मपत्नी उर्वशी दत्त बाली ने प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट का स्वागत किया। भेंट के दौरान प्रदेश अध्यक्ष और महापौर के बीच विभिन्न समसामयिक एवं संगठनात्मक विषयों पर संवाद हुआ।
इसके पश्चात प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट रुद्रपुर जिला कार्यालय के लिए रवाना हुए, जहां आगामी 9 एवं 10 सितंबर को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के रुद्रपुर एवं हल्द्वानी दो दिवसीय प्रवास को लेकर आयोजित तैयारी बैठक में उन्होंने प्रतिभाग किया।
प्रवास को ऐतिहासिक बनाने पर बनी रणनीति प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में महापौर दीपक बाली भी रुद्रपुर पहुंचकर शामिल हुए। बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रस्तावित प्रवास को सफल एवं ऐतिहासिक बनाने के लिए संगठनात्मक तैयारियों, कार्यक्रम की व्यवस्थाओं, कार्यकर्ताओं की सहभागिता तथा आवश्यक कार्ययोजना को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। महापौर दीपक बाली ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रवास को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह है। उन्होंने कहा कि संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता के समर्पण, अनुशासन और सक्रिय सहभागिता से राष्ट्रीय अध्यक्ष का प्रवास निश्चित रूप से भव्य, सफल, शानदार एवं प्रभावी रहेगा। उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन द्वारा कार्यक्रम को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी की जा रही हैं, ताकि राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रवास को यादगार बनाया जा सके। बैठक में ये प्रमुख नेता रहे मौजूद
तैयारी बैठक में लोकसभा सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल एवं कुंदन परिहार, काशीपुर जिलाध्यक्ष मनोज पाल, रुद्रपुर जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, काशीपुर विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा, रुद्रपुर मेयर विकास शर्मा, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, पूर्व विधायक प्रेम सिंह राणा, राज्यमंत्री सुरेंद्र नामधारी, राज्यमंत्री मंजीत सिंह राजू, प्रदेश मंत्री गुंजन सुखीजा, प्रदेश प्रवक्ता गुरविंदर सिंह चंडोक समेत भाजपा के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के आगामी रुद्रपुर एवं हल्द्वानी प्रवास को लेकर पार्टी संगठन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की अध्यक्षता में हुई बैठक में कार्यक्रम की व्यवस्थाओं से लेकर कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों तक विभिन्न बिंदुओं पर मंथन किया गया। वहीं, काशीपुर में महापौर दीपक बाली के आवास पर प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत और मुलाकात भी संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण रही।

संपादक – सच्चाई की जीत
पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713
संपर्क – 9837427792
व्हाट्सप्प – 9837427792
ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com

