रुद्रपुर, 24 अगस्त 2026 (सू.वि.)। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने जिला सभागार में भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के प्रदेश अध्यक्ष प्रेम सिंह सहोता एवं अन्य किसान प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर किसानों की विभिन्न समस्याओं और मांगों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई।

एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद स्तर की समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाएगा, जबकि नीतिगत मामलों को शासन स्तर पर भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि किसानों की कई मांगों पर पूर्व में भी कार्रवाई की जा चुकी है और प्रशासन किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए सदैव तत्पर है।

जिलाधिकारी ने कहा कि अब प्रत्येक माह किसान दिवस का आयोजन किया जाएगा, ताकि किसानों की समस्याओं को सीधे सुनकर उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके।

बैठक में किसान प्रतिनिधियों ने काशीपुर चीनी मिल से संबंधित वर्ष 2007 तथा वर्ष 2012-13 के किसानों के बकाया भुगतान का मुद्दा उठाया। बताया गया कि इस संबंध में इलाहाबाद में वाद विचाराधीन है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सहायक गन्ना आयुक्त इलाहाबाद जाकर मामले की प्रभावी पैरवी करें और शीघ्र निस्तारण के प्रयास किए जाएं। उन्होंने कहा कि निर्णय आने के बाद किसानों का भुगतान प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा।

चीनी मिल की लगभग 50 एकड़ भूमि के हस्तांतरण संबंधी प्रकरण की जांच के लिए अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय की अध्यक्षता में एक समिति गठित करने के निर्देश दिए गए हैं। समिति में एसडीएम काशीपुर और गन्ना विभाग के अधिकारी सदस्य होंगे। जिलाधिकारी ने समिति को भूमि हस्तांतरण से जुड़े मामलों की विस्तृत जांच कर एक माह के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

जसपुर क्षेत्र के पतरामपुर भूमि प्रकरण को लेकर भी किसानों ने अपनी शिकायत रखी। इस मामले की जांच के लिए अपर जिलाधिकारी (एफआर) की अध्यक्षता में समिति गठित की गई है, जो प्रकरण की विस्तृत जांच कर अपनी आख्या प्रस्तुत करेगी।

काशीपुर बाईपास पर बागवाड़ा के पास सर्विस रोड निर्माण की मांग पर जिलाधिकारी ने पीडी एनएचएआई को एनएचएआई चेयरमैन को उनकी ओर से अर्द्धशासकीय पत्र भेजने के निर्देश दिए, ताकि समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

कृषि भूमि के विनियमितीकरण के संबंध में जिलाधिकारी ने किसानों को आश्वस्त किया कि शासनादेश प्राप्त होते ही शिविर लगाकर पारदर्शी तरीके से नियमितीकरण की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, किसानों की मांग पर बाजपुर मंडी में स्थित किसान भवन को खाली कराकर तत्काल किसानों के उपयोग के लिए उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।

वाहनों की ओवरलोडिंग और जाम की समस्या को लेकर एसपी सिटी रुद्रपुर को मौके का निरीक्षण कर प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने किसानों से अपील की कि वे 30 सितंबर से पूर्व अपना पंजीकरण अवश्य करा लें, ताकि 1 अक्टूबर से शुरू होने वाली धान खरीद प्रक्रिया सुचारु एवं निर्बाध रूप से संचालित हो सके। उन्होंने कहा कि पूर्व की भांति पर्याप्त स्थानों पर धान क्रय केंद्र खोले जाएंगे।

बैठक में जिलाधिकारी ने मुख्य कृषि अधिकारी को किसानों की मांग के अनुरूप पर्याप्त मात्रा में यूरिया, डीएपी एवं एनपीके उर्वरक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, गन्ना विभाग के अधिकारी टी.एस. मर्तोलिया, अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. उत्तम सिंह नेगी, मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. वी.के. यादव, सहायक आयुक्त गन्ना शैलेंद्र, क्षेत्रीय विपणन अधिकारी लता मिश्रा, पीडी एनएचएआई अंचल बंसल सहित भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के प्रदेश अध्यक्ष प्रेम सिंह सहोता एवं अन्य किसान प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

संकलन : जिला सूचना अधिकारी, ऊधम सिंह नगर

By Mohd Nafees

संपादक – सच्चाई की जीत पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713 संपर्क – 9837427792 व्हाट्सप्प – 9837427792 ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *