PM Modi: आंध्र प्रदेश को आज नया अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा मिल गया है। पीएम मोदी ने भोगापुरम हवाई अड्डे का उद्घाटन किया। इसके साथ ही सेमीकंडक्टर, बिजली और सड़क से जुड़ी कई बड़ी परियोजनाओं की भी शुरुआत होगी। आखिर क्यों खास है यह हवाई अड्डे और कैसे बदलेगी क्षेत्र की तस्वीर, जानिए इस रिपोर्ट में। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को आंध्र प्रदेश के विजयनगरम जिले के भोगापुरम में बने अल्लूरी सीताराम राजू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन किया। इस हवाई अड्डे के निर्माण पर करीब 5,000 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। आंध्र प्रदेश सरकार इस आधुनिक हवाई अड्डे को पूरे उत्तर आंध्र क्षेत्र के विकास के लिए बहुत अहम मान रही है। सुबह करीब 11 बजे प्रधानमंत्री ने हवाई अड्डे के टर्मिनल भवन का उद्घाटन किया। इसके बाद वह राज्यपाल एस. अब्दुल नजीर और मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू के साथ हवाई अड्डे का निरीक्षण करने पहुंचे। इसके बाद प्रधानमंत्री खुली छत वाले वाहन से जनसभा स्थल पहुंचे। वहां जनजातीय समुदाय की 13,500 से अधिक महिलाओं और छात्र-छात्राओं ने ढिमसा नृत्य करके उनका भव्य स्वागत किया।

मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने क्या कहा?
भोगापुरम में आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने कहा, दुनिया के सभी लोकतांत्रिक देश नए नेतृत्व की तलाश में संकट का सामना कर रहे हैं। भारत भाग्यशाली है कि उसके पास परखा हुआ नेतृत्व है। नरेंद्र मोदी जी ने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में 25 साल पूरे किए हैं और असाधारण काम किया है। 

हवाई अड्डे से विकास को कैसे मिलेगी रफ्तार?
सरकारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस हवाई अड्डे की योजना उद्योगों के विकास, रोजगार बढ़ाने, निर्यात, कौशल विकास और शोध को बढ़ावा देने के लिए बनाई गई है। हवाई अड्डे के पहले चरण में हर साल 60 लाख यात्रियों को संभालने की क्षमता है। भविष्य में इसकी क्षमता बढ़ाकर 4 करोड़ यात्रियों प्रति वर्ष करने की योजना भी तैयार की गई है।

कौन-सी नई तकनीकें शामिल हैं?
प्रेस सूचना ब्यूरो (पीआईबी) की विज्ञप्ति के अनुसार, इस हवाई अड्डे में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), बिल्डिंग इन्फॉर्मेशन मॉडलिंग (बीआईएम), एयरसाइड 4.0 तकनीक, एयरपोर्ट प्रेडिक्टिव ऑपरेशंस सेंटर (एपीओसी) और बायोमेट्रिक यात्री प्रक्रिया जैसी आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल किया गया है।

डिजाइन में क्या है खास?
हवाई अड्डे का डिजाइन आंध्र प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत से प्रेरित है। टर्मिनल की छत की बनावट पारंपरिक चुट्टिलु झोपड़ियों और अराकू घाटी के प्राकृतिक दृश्यों से प्रेरित है। इसकी लहरदार आकृति उड़ती हुई मछली की सुंदर चाल को दर्शाती है। प्रधानमंत्री मोदी आज राज्य में करीब 18 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे और कई नई परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे।

किन बड़ी परियोजनाओं की शुरुआत होगी?
वह विशाखापत्तनम में 460 करोड़ रुपये की लागत वाली एएसआईपी सेमीकंडक्टर परियोजना की आधारशिला रखेंगे। इस परियोजना को एएसआईपी टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड और दक्षिण कोरिया की एपीएसीटी की साझेदारी में बनाया जा रहा है।

यह आंध्र प्रदेश की पहली सेमीकंडक्टर निर्माण इकाई होगी, जिसे इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन के तहत मंजूरी मिली है। यहां हर साल करीब 9.6 करोड़ सेमीकंडक्टर चिप बनाई जाएंगी। इससे सेमीकंडक्टर उद्योग से जुड़े अन्य छोटे और सहायक उद्योगों को भी बढ़ावा मिलेगा।

ऊर्जा क्षेत्र में क्या मिलेगा?
इसी तरह प्रधानमंत्री कुरनूल-4 नवीकरणीय ऊर्जा परियोजना (4.5 गीगावाट) के लिए बिजली पहुंचाने वाली नई ट्रांसमिशन लाइन की आधारशिला रखेंगे। यह परियोजना पावरग्रिड बना रहा है। इस पर करीब 5,550 करोड़ रुपये खर्च होंगे। प्रधानमंत्री कुरनूल के पवन और सौर ऊर्जा क्षेत्रों के लिए बनाई गई बिजली ट्रांसमिशन लाइन का भी उद्घाटन करेंगे। इस परियोजना पर करीब 3,550 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं।

सौर ऊर्जा परियोजनाओं पर भी फोकस?
इसके अलावा, प्रधानमंत्री अनंतपुरम और कुरनूल के सौर ऊर्जा परियोजनाओं के लिए बनाई गई बिजली ट्रांसमिशन लाइन का उद्घाटन करेंगे। इस परियोजना को पावरग्रिड ने 820 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनाया है।

By Mohd Nafees

संपादक – सच्चाई की जीत पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713 संपर्क – 9837427792 व्हाट्सप्प – 9837427792 ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *