रुद्रपुर। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने जनपद के अधिकारियों को मुख्य देयकों एवं विविध देयकों की वसूली में तेजी लाने के साथ-साथ मानसून के दौरान पूरी तरह अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए हैं। मंगलवार को जिला सभागार में आयोजित मासिक स्टाफ बैठक में उन्होंने कानून व्यवस्था, राजस्व वसूली, लंबित प्रकरणों के निस्तारण, अवैध गतिविधियों पर अंकुश और जन शिकायतों के समयबद्ध समाधान सहित विभिन्न विभागों के कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। डीएम ने सभी उप जिलाधिकारियों एवं तहसीलदारों को नियमित न्यायालय लगाकर लंबित वादों का त्वरित निस्तारण करने तथा पुराने मामलों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने बकायेदारों से सख्ती के साथ राजस्व वसूली सुनिश्चित करने और सभी मजिस्ट्रियल जांच समयबद्ध तरीके से पूरी करने को कहा। कानून व्यवस्था पर विशेष जोर बैठक में जिलाधिकारी ने पुलिस अधिकारियों को जनपद की कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने अपराधों की रोकथाम के लिए लगातार सक्रिय रहने तथा अनैतिक गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने को कहा।
चकबंदी कार्य में लाएं तेजी बंदोबस्त चकबंदी अधिकारी को निर्देश दिए गए कि जिन गांवों में चकबंदी की प्रक्रिया चल रही है, वहां कार्य में तेजी लाकर निर्धारित समय सीमा के भीतर इसे पूरा किया जाए। अवैध शराब के खिलाफ अभियान जिलाधिकारी ने जिला आबकारी अधिकारी को कच्ची शराब के निर्माण और अवैध मदिरा बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए नियमित छापेमारी अभियान चलाने के निर्देश दिए। जन शिकायतों का समयबद्ध समाधान करें
डीएम ने सीएम हेल्पलाइन, सीएम जन समर्पण पोर्टल, आयोगों से प्राप्त संदर्भ, रिट याचिकाओं, ऑडिट आपत्तियों एवं पेंशन संबंधी मामलों की रिपोर्ट समय सीमा के भीतर भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों का गंभीरता से निस्तारण करें और आवश्यकता पड़ने पर शिकायतकर्ता से स्वयं बातचीत भी करें। ओवरलोड वाहनों और अवैध पार्किंग पर कार्रवाई
एआरटीओ को निर्देश दिए गए कि ओवरलोड वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जाए। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) की सर्विस लेन में अवैध रूप से वाहन खड़े करने वालों पर भी सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। होटल-ढाबों में नियमित जांच और सैंपलिंग खाद्य सुरक्षा अधिकारी को होटल, ढाबों और रेस्टोरेंट में नियमित जांच अभियान चलाने, खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर परीक्षण कराने तथा रोस्टर बनाकर संबंधित उप जिलाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए, ताकि आम जनता को सुरक्षित एवं शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके। बैठक में रहे मौजूद बैठक में अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय एवं कौस्तुभ मिश्र, एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी, उप जिलाधिकारी ऋचा सिंह, मनीष बिष्ट, गौरव पाण्डेय, अभय प्रताप सिंह, राहुल शाह, तुषार सैनी, ओसी हिमांशु कफल्टिया, संयुक्त निदेशक अभियोजन डीएस जंगपांगी, डीजीसी मनोज कुमार तिवारी, बरीत सिंह, एआरटीओ मोहित कोठारी, जिला पूर्ति अधिकारी विनोद चन्द्र तिवारी, अभिहित अधिकारी एलएम पाण्डे सहित तहसीलदार एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

संपादक – सच्चाई की जीत
पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713
संपर्क – 9837427792
व्हाट्सप्प – 9837427792
ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com

