काशीपुर | 25 जुलाई 2026
देवभूमि उत्तराखंड के प्रख्यात ज्योतिषाचार्य, समाजसेवी एवं श्री बांके बिहारी मंदिर के प्रधान पुजारी रहे स्वर्गीय पंडित राधा रमण शर्मा की पुण्यतिथि शनिवार को श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर परिवारजनों, शुभचिंतकों एवं उनके अनुयायियों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके समाज एवं धर्म के क्षेत्र में दिए गए अमूल्य योगदान को याद किया।
स्वर्गीय पं. राधा रमण शर्मा का निधन 25 जुलाई 2007 को एकादशी के पावन अवसर पर हुआ था। संयोगवश इस वर्ष भी उनकी पुण्यतिथि एकादशी के दिन पड़ने से श्रद्धालुओं के लिए यह दिन विशेष महत्व का रहा। पं. राधा रमण शर्मा उत्तराखंड के प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य थे। उन्होंने गोविषाण हिन्दी पाक्षिक, रमन पंचांग सहित अनेक धार्मिक एवं ज्योतिष संबंधी पुस्तकों का प्रकाशन कर समाज को महत्वपूर्ण बौद्धिक और आध्यात्मिक धरोहर प्रदान की। उन्हें अधिकांश लोग स्नेहपूर्वक “रमन गुरु जी” अथवा “रमन महाराज जी” के नाम से जानते थे। वे मां भगवती के अनन्य उपासक थे तथा उनकी कुलदेवी मां चामुण्डा देवी थीं। काशीपुर के गिरीताल स्थित मां चामुण्डा देवी मठ से उनका विशेष आध्यात्मिक जुड़ाव रहा। इस मठ का निर्माण स्वर्गीय पंडित विलास राय भारद्वाज ने कराया था। उनके परिवार का विस्तार काशीपुर, रामनगर, हल्द्वानी, बरेली, हरिद्वार से लेकर अमेरिका तक है।
धार्मिक एवं सामाजिक जीवन के साथ-साथ पं. शर्मा का राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। वे काशीपुर में भारतीय जनसंघ के प्रथम अध्यक्ष रहे। इसके अलावा वे सरस्वती शिशु मंदिर, श्रीराम लीला कमेटी, भारतीय मजदूर संघ तथा श्री गौड़ ब्राह्मण सभा जैसी अनेक प्रतिष्ठित सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्थाओं से सक्रिय रूप से जुड़े रहे। इस अवसर पर उनके ज्येष्ठ पुत्र एवं श्रमिक नेता पंडित वेद प्रकाश विद्यार्थी ने अपने पूज्य पिताजी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनके आदर्श, संस्कार एवं आशीर्वाद आज भी पूरे परिवार का मार्गदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने भगवान श्री हनुमान जी से प्रार्थना की कि स्वर्गीय पं. राधा रमण शर्मा का आशीर्वाद सदैव परिवार एवं समाज पर बना रहे। पुण्यतिथि के अवसर पर परिवारजनों एवं श्रद्धालुओं ने स्वर्गीय पंडित राधा रमण शर्मा को शत-शत नमन करते हुए उनके धर्म, समाजसेवा और संस्कृति संरक्षण के कार्यों को सदैव प्रेरणास्रोत बताया।

संपादक – सच्चाई की जीत
पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713
संपर्क – 9837427792
व्हाट्सप्प – 9837427792
ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com

