काशीपुर। काशीपुर कोतवाली पुलिस ने एक संवेदनशील मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए 150 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और मैनुअल सूचना तंत्र (ह्यूमन इंटेलिजेंस) की मदद से राजस्थान के अजमेर से एक युवती को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने मामले में आरोपी मोहम्मद जफर उर्फ आर्यन उर्फ छोटू को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 5 जुलाई 2026 को थाना क्षेत्र की एक युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने के आरोप में कुमाऊं कॉलोनी निवासी मोहम्मद जफर उर्फ आर्यन उर्फ छोटू पुत्र आशफ अली के खिलाफ कोतवाली काशीपुर में मुकदमा संख्या 253/2026 धारा 137(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर के निर्देश पर तत्काल एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।
जांच के दौरान सामने आया कि युवती और आरोपी दोनों के पास मोबाइल फोन नहीं थे, जिससे उनकी तकनीकी लोकेशन प्राप्त करना संभव नहीं था। इसके बावजूद पुलिस टीम ने हार नहीं मानी और लगातार विभिन्न जनपदों एवं राज्यों में लगे 150 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन विश्लेषण किया। साथ ही स्थानीय मुखबिर तंत्र, मैनुअल सूचना तंत्र और लगातार फील्ड वर्क के माध्यम से महत्वपूर्ण सुराग जुटाए गए।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम राजस्थान के अजमेर पहुंची, जहां से युवती को सकुशल बरामद कर लिया गया। युवती के बयान और विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 64ए और धारा 351(2) भी बढ़ाई गई। इसके बाद आरोपी को विधिक प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह मामला अत्यंत संवेदनशील था और इसे लेकर क्षेत्र में जनभावनाएं भी प्रभावित थीं। इसके बावजूद पुलिस ने पूरी गंभीरता, संयम और पेशेवर तरीके से कार्रवाई करते हुए युवती की सुरक्षित बरामदगी सुनिश्चित की तथा पूरे घटनाक्रम के दौरान कानून-व्यवस्था भी बनाए रखी।
गिरफ्तार आरोपी
मोहम्मद जफर उर्फ आर्यन उर्फ छोटू पुत्र आशफ अली, निवासी कुमाऊं कॉलोनी, कचनागाजी, कोतवाली काशीपुर, जनपद ऊधम सिंह नगर, उम्र 23 वर्ष।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
एसएचओ हरेंद्र चौधरी
एसएसआई नवीन बुधानी
एसआई कौशल भाकुनी
कांस्टेबल सुरेंद्र
कांस्टेबल धीरज
कांस्टेबल किरण मेहता
पुलिस सहयोगी माजिद
पुलिस सहयोगी राहुल
पुलिस की अपील
काशीपुर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संवेदनशील घटना के संबंध में अफवाहों या भ्रामक सूचनाओं पर विश्वास न करें और सोशल मीडिया पर असत्य या भड़काऊ सामग्री प्रसारित करने से बचें। किसी भी प्रकार की सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। पुलिस ने कहा कि प्रत्येक मामले में निष्पक्ष, त्वरित और कानूनसम्मत कार्रवाई के लिए वह सदैव प्रतिबद्ध है।

By Mohd Nafees

संपादक – सच्चाई की जीत पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713 संपर्क – 9837427792 व्हाट्सप्प – 9837427792 ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed