काशीपुर। नगर निगम सभागार में महान शिक्षाविद् एवं जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर भाजपा महिला मोर्चा की ओर से छात्रा सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अपने संबोधन में महेंद्र भट्ट ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एक महान राष्ट्रभक्त थे, जिन्होंने देश की एकता और अखंडता के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने “एक देश, एक प्रधान, एक विधान और एक निशान” का विचार प्रस्तुत किया और राष्ट्रीय एकता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी की सोच देश के समग्र विकास, शिक्षा और राष्ट्र निर्माण पर केंद्रित थी। उनके अनुसार बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देना भी उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल था। उन्होंने कहा कि आज केंद्र सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास और राष्ट्रहित से जुड़ी कई योजनाओं को आगे बढ़ा रही है। महेंद्र भट्ट ने छात्राओं से डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के आदर्शों और सिद्धांतों से प्रेरणा लेने का आह्वान करते हुए कहा कि विकसित भारत के निर्माण तथा देश की एकता और अखंडता को सुदृढ़ बनाए रखने में युवाओं, विशेषक

र छात्राओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, भारत माता एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलन तथा वंदे मातरम् के गायन के साथ हुआ। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र बिष्ट ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी भारत माता के अमर सपूत थे, जिन्होंने राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि आज प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि उनके आदर्शों और सपनों को साकार करने के लिए कार्य करे। कार्यक्रम को विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, महापौर दीपक बाली, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट, भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज पाल, पूर्व महापौर उषा चौधरी, दर्जा राज्य मंत्री सीमा चौहान सहित कई वक्ताओं ने संबोधित किया। सभी वक्ताओं ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उनके राष्ट्र निर्माण में योगदान को स्मरण किया। महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने कहा कि छात्रा सम्मेलन का उद्देश्य बालिकाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना को प्रोत्साहित करना तथा उन्हें देश के महान व्यक्तित्वों के जीवन से प्रेरणा देना है। सम्मेलन में गोविंद बल्लभ पंत इंटर कॉलेज, आर्य समाज इंटर कॉलेज तथा तारावती सरोजिनी देवी इंटर कॉलेज की सैकड़ों छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में नगर निगम ने महापौर दीपक बाली के नेतृत्व में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया, जिसकी उपस्थित अतिथियों ने सराहना की। इस दौरान सभी अतिथियों का माल्यार्पण, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम में दर्जा राज्य मंत्री मनजीत सिंह, पीसीयू चेयरमैन राम मल्होत्रा, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता गुरविंदर सिंह चंडोक, वरिष्ठ भाजपा नेता खिलेंद्र चौधरी, ब्लॉक प्रमुख चंद्रप्रभा, भाजपा जिला महामंत्री एवं महिला मोर्चा प्रभारी सुशील शर्मा, अवनीश चौहान, मुक्ता सिंह, डॉ. यूनुस चौधरी, मुकेश चावला, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष आकांक्षा ठाकुर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, पार्षद एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री रश्मि रस्तोगी ने किया। सम्मेलन के उपरांत भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट सहित सभी अतिथियों ने नगर निगम परिसर स्थित शहीद पार्क में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम का समापन भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज पाल के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

संपादक – सच्चाई की जीत
पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713
संपर्क – 9837427792
व्हाट्सप्प – 9837427792
ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com
