रुद्रपुर। सांसद एवं पूर्व केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं के कार्य समयबद्ध ढंग से पूरे किए जाएं तथा जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर योजनाओं का लाभ आम जनता तक समय पर पहुंचाया जाए।
बैठक के दौरान सांसद ने ईएसआईसी चिकित्सालय में मरीजों के प्रति लापरवाही की शिकायतों पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी एवं मुख्य चिकित्साधिकारी को अस्पताल का निरीक्षण कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि अस्पताल में पर्याप्त चिकित्सक या आवश्यक उपकरण उपलब्ध नहीं हैं तो मरीजों को समय रहते उच्च चिकित्सा केंद्रों के लिए रेफर किया जाए। मरीजों के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सांसद ने रुद्रपुर और काशीपुर विद्युत खंड के अधिशासी अभियंताओं द्वारा समिति की बैठक आयोजित न किए जाने पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने जिलाधिकारी को संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण लेने तथा केंद्र सरकार की योजनाओं के कार्यों की जांच कराने के निर्देश दिए। साथ ही दोनों डिवीजनों में चल रहे विद्युत कार्यों का पूरा विवरण उपलब्ध कराने को कहा।
जल जीवन मिशन की समीक्षा करते हुए अजय भट्ट ने पेयजल निगम एवं जल संस्थान के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां भी पाइपलाइन लीकेज की शिकायत मिले, उसे तत्काल ठीक कराया जाए ताकि लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से भी लीकेज वाले स्थानों की सूची जिलाधिकारी को उपलब्ध कराने की अपील की। साथ ही पेयजल परियोजनाओं में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों के विरुद्ध कार्रवाई करने और उनका भुगतान रोकने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि पेयजल संबंधी शिकायतों के लिए टोल-फ्री नंबर 18001804100 पर संपर्क किया जा सकता है।
बैठक में सांसद ने नैनीताल हाईवे पर डीडी चौक से परशुराम चौक तक फुटओवर ब्रिज निर्माण तथा हल्द्वानी रोड स्थित टांडा रेंज रेलवे क्रॉसिंग पर आरओबी निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार कर भेजने के निर्देश लोक निर्माण विभाग को दिए। उन्होंने बाजपुर में लेवड़ा नदी पर बन रहे पुल का कार्य शीघ्र पूरा करने को भी कहा। किच्छा में विश्वविद्यालय भवन निर्माण के लिए 38 एकड़ भूमि चिन्हित कर प्रस्ताव शासन को भेजे जाने की जानकारी भी बैठक में दी गई।
निराश्रित गोवंश के संरक्षण को लेकर हुई समीक्षा में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने बताया कि खटीमा में गौशाला का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है, जबकि रुद्रपुर में नगर निगम द्वारा गौशाला निर्माण कार्य जारी है। अन्य स्थानों पर गौशालाओं के निर्माण के लिए डीपीआर शासन को भेजी गई है।
बैठक में सांसद ने संजय वन के सौंदर्यीकरण, मनरेगा, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, किसान सम्मान निधि, मेडिकल कॉलेज, किच्छा एम्स, जिला चिकित्सालय, अमृत योजना, अमृत सरोवर, समग्र शिक्षा अभियान, सांसद निधि, पीएम उज्ज्वला योजना 3.0, जनमन योजना, आकांक्षी जनपद एवं ब्लॉक तथा पंतनगर एयरपोर्ट सहित विभिन्न विकास परियोजनाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सभी क्षेत्रों का संतुलित और सर्वांगीण विकास सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने सभी अधिकारियों को सांसद द्वारा दिए गए निर्देशों का गंभीरता से पालन करने, कार्यों में तेजी लाने तथा विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, विधायक शिव अरोरा, आदेश सिंह चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, पूर्व दर्जा मंत्री मुकेश कुमार, ब्लॉक प्रमुख रीना गौतम, गदरपुर नगर पालिका अध्यक्ष मनोज गुंबर, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, प्रभागीय वनाधिकारी उमेश चंद्र तिवारी, एसपी सिटी डॉ. उत्तम सिंह नेगी, परियोजना निदेशक डीआरडीए हिमांशु जोशी, सीएमओ डॉ. के.के. अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

संपादक – सच्चाई की जीत
पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713
संपर्क – 9837427792
व्हाट्सप्प – 9837427792
ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com
