काशीपुर, 28 जून 2026। उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने रविवार को काशीपुर के एक दिवसीय दौरे के दौरान जिले में संचालित और प्रस्तावित महत्वपूर्ण औद्योगिक एवं सड़क अवसंरचना परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने सिडकुल के निर्माणाधीन एरोमा पार्क, इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (ईएमसी) पार्क, हेमपुर नेपा फार्म की 803 एकड़ भूमि, प्रस्तावित काशीपुर-रामनगर फोर लेन राष्ट्रीय राजमार्ग तथा काशीपुर बाईपास रिंग रोड का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की और कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सिडकुल के क्षेत्रीय प्रबंधक ने बताया कि 133 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित किए जा रहे ईएमसी पार्क में कुल 56 औद्योगिक प्लॉट हैं, जिनमें से 22 प्लॉट आवंटित किए जा चुके हैं, जबकि शेष प्लॉट निवेशकों की पूछताछ के चरण में हैं। लगभग 177 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना का निर्माण कार्य पेयजल निगम द्वारा कराया जा रहा है। परियोजना को पूरा करने के लिए 45 करोड़ रुपये की अतिरिक्त धनराशि शासन से मांगी गई है। धनराशि प्राप्त होते ही शेष कार्य तेजी से पूरा कर लिया जाएगा। इस अवसर पर मुख्य सचिव ने ईएमसी परिसर में पौधारोपण भी किया। इसके बाद मुख्य सचिव ने हेमपुर नेपा फार्म स्थित सिडकुल की 803 एकड़ भूमि का निरीक्षण कर उसके प्रस्तावित उपयोग और विकास योजनाओं की जानकारी ली।
सड़क परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान अधीक्षण अभियंता, राष्ट्रीय राजमार्ग ने बताया कि काशीपुर-रामनगर फोर लेन राष्ट्रीय राजमार्ग का 18.26 किलोमीटर लंबा खंड, जिसकी अनुमानित लागत 494.45 करोड़ रुपये है, स्वीकृत हो चुका है। परियोजना का टेंडर पूरा हो गया है तथा भूमि मुआवजा वितरण की प्रक्रिया जारी है। वन भूमि हस्तांतरण का प्रस्ताव भारत सरकार को भेजा गया है और सैद्धांतिक स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। मुख्य सचिव ने काशीपुर बाईपास रिंग रोड परियोजना की भी विस्तार से समीक्षा की और राष्ट्रीय राजमार्ग अधिकारियों को सभी प्रक्रियाएं शीघ्र पूरी कर निर्माण कार्य समयबद्ध ढंग से शुरू कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष जिला विकास प्राधिकरण जय किशन, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, अपर पुलिस अधीक्षक स्वप्न किशोर, उप जिलाधिकारी अभय प्रताप सिंह, क्षेत्रीय प्रबंधक सिडकुल विपिन कुमार, अधीक्षण अभियंता एनएच हरीश पंगती, अधिशासी अभियंता महेन्द्र कुमार, अधिशासी अभियंता पेयजल निगम नरेन्द्र नवानी, तहसीलदार पंकज चंदोला सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

संपादक – सच्चाई की जीत
पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713
संपर्क – 9837427792
व्हाट्सप्प – 9837427792
ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com

