रुद्रपुर। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान-2026 के तहत रविवार को जवाहर लाल नेहरू जिला चिकित्सालय, रुद्रपुर में अभियान का विधिवत शुभारंभ विधायक शिव अरोड़ा और मेयर विकास शर्मा ने नन्हे-मुन्ने बच्चों को पोलियोरोधी दवा की दो बूंद पिलाकर किया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने जनपदवासियों से 0 से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को अनिवार्य रूप से पोलियो की खुराक पिलाने की अपील की। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. के.के. अग्रवाल, प्रमुख अधीक्षक डॉ. एम.के. तिवारी तथा अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.पी. सिंह ने भी बच्चों को पोलियो की दवा पिलाकर अभियान में सहभागिता निभाई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. के.के. अग्रवाल ने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए पूरे जनपद में व्यापक तैयारियां की गई हैं। इस वर्ष 274,889 बच्चों को पोलियोरोधी दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए जनपद में 1,322 पोलियो बूथ, 855 टीमें तथा 9 जोन बनाए गए हैं। सभी जोनल अधिकारियों को उनके कार्यक्षेत्र आवंटित कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं, ताकि अभियान का प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जा सके। विधायक शिव अरोड़ा और मेयर विकास शर्मा ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए प्रत्येक अभिभावक की जिम्मेदारी है कि वह अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को निकटतम पल्स पोलियो बूथ पर ले जाकर दवा की दो बूंद अवश्य पिलाए। उन्होंने कहा कि पोलियो उन्मूलन का राष्ट्रीय लक्ष्य तभी पूरा होगा, जब समाज का हर वर्ग इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएगा। इस अवसर पर डॉ. जुनैद कमर, डॉ. मीनाक्षी सुमन (डब्ल्यूएचओ), एएनएम दीपा जोशी, प्रदीप महर, नन्दलाल, हेम पंत, भैरव दत्त सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। स्वास्थ्य विभाग ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाकर अभियान को सफल बनाएं।

संपादक – सच्चाई की जीत
पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713
संपर्क – 9837427792
व्हाट्सप्प – 9837427792
ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com

