Oplus_16908288

देहरादून। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने अपने तीन दिवसीय उत्तराखंड प्रवास के अंतिम दिन देहरादून स्थित ऐतिहासिक टपकेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन एवं पूजा-अर्चना की। मंदिर पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया गया। उन्होंने जलाभिषेक कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और विकास की कामना की तथा आरती में भी भाग लिया। इस दौरान मंदिर के महंत कृष्णा गिरी महाराज और दिगंबर भरत गिरी ने उन्हें टपकेश्वर महादेव का चित्र भेंट कर सम्मानित किया।

मंदिर दर्शन के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष गढ़ी कैंट क्षेत्र में भाजपा के बूथ अध्यक्ष किशोर कुमार के आवास पहुंचे, जहां उन्होंने परिवारजनों से मुलाकात की और जलपान किया। इस दौरान उन्होंने बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की भूमिका को संगठन की सबसे बड़ी ताकत बताया।

प्रवास के दौरान नितिन नबीन ने सांसदों, विधायकों, महापौरों और पार्टी पदाधिकारियों के साथ अलग-अलग बैठकें भी कीं। बैठकों में उन्होंने संगठन की मजबूती, अनुशासन और आपसी समन्वय पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा की सफलता का आधार कार्यकर्ताओं की एकजुटता और जनता के बीच निरंतर सक्रियता है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने जनप्रतिनिधियों से क्षेत्र में लगातार संपर्क बनाए रखने और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय रूप से कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने यह भी कहा कि संगठन से जुड़े मुद्दों और मतभेदों का समाधान पार्टी मंचों पर ही किया जाना चाहिए।

बैठकों में आगामी चुनावी रणनीति और संगठन विस्तार पर भी चर्चा हुई। विशेष रूप से वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा जिन 23 सीटों पर पराजित हुई थी, उन क्षेत्रों में संगठन को और अधिक मजबूत करने पर जोर दिया गया। नितिन नबीन ने सांसदों और संगठन पदाधिकारियों को इन सीटों पर विशेष ध्यान देने और जमीनी स्तर पर सक्रियता बढ़ाने के निर्देश दिए।

उन्होंने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं की मेहनत, संगठन की मजबूती और जनसेवा के संकल्प के बल पर भाजपा आगामी चुनावों में बेहतर प्रदर्शन करेगी।

By Mohd Nafees

संपादक – सच्चाई की जीत पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713 संपर्क – 9837427792 व्हाट्सप्प – 9837427792 ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *