देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर प्रदेश और देश के सभी पत्रकारों, संपादकों और मीडियाकर्मियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। इस मौके पर जारी अपने संदेश में सीएम धामी ने कहा कि हिंदी पत्रकारिता हमेशा से लोकतंत्र की सशक्त आवाज रही है और समाज में जनजागरूकता लाने के साथ-साथ जनभावनाओं को अभिव्यक्ति देने में इसकी बेहद अहम भूमिका है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हिंदी पत्रकारिता का इतिहास गौरवशाली और प्रेरणादायक रहा है। स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर आज तक हिंदी पत्रकारिता ने राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। वर्तमान समय में भी पत्रकारिता समाज और शासन के बीच एक मजबूत सेतु का काम कर रही है। सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान से लेकर सरकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने में मीडिया की भूमिका सराहनीय है।

सीएम धामी ने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकारिता देश के राजनीतिक, आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक क्षेत्रों में भी निर्णायक भूमिका निभा रही है। एक जिम्मेदार पत्रकारिता ही स्वस्थ लोकतंत्र की पहचान है। निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता से ही समाज को सही दिशा मिलती है।

मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड में हिंदी पत्रकारिता के योगदान को याद करते हुए कहा कि प्रदेश में भी हिंदी पत्रकारिता का स्वर्णिम इतिहास रहा है। यहां के पत्रकारों ने हमेशा जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाया है और विकास में अपनी भागीदारी निभाई है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों के हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है। पत्रकार कल्याण कोष, पत्रकार स्वास्थ्य योजना और दुर्घटना बीमा जैसी योजनाओं के जरिए सरकार लगातार पत्रकारों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए काम कर रही है।

सीएम धामी ने आशा जताई कि हिंदी पत्रकारिता भविष्य में भी अपने मूल्यों और सिद्धांतों पर चलते हुए राष्ट्र और समाज की सेवा करती रहेगी। उन्होंने डिजिटल युग में फेक न्यूज की चुनौती से निपटने के लिए भी पत्रकारों से जिम्मेदार भूमिका निभाने की अपील की।

By Mohd Nafees

संपादक – सच्चाई की जीत पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713 संपर्क – 9837427792 व्हाट्सप्प – 9837427792 ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *