काशीपुर वर्तमान पर्यावरणीय चुनौतियों के दौर में जैव विविधता का संरक्षण जीवन के अस्तित्व के लिए अत्यंत आवश्यक हो गया है। इसी सोच को आत्मसात करते हुए बाजपुर रोड स्थित रामपूरम एक्सटेंशन कॉलोनी के बच्चों ने पक्षियों के लिए जल पात्र वितरित किए तथा कॉलोनीवासियों से अपील की कि वे इन पात्रों में नियमित रूप से पानी भरते रहें, ताकि भीषण गर्मी में पक्षियों को पानी की कमी का सामना न करना पड़े।
बच्चों ने बताया कि अक्सर देखा जाता है कि तेज गर्मी के कारण पशु-पक्षी पानी के लिए इधर-उधर भटकते रहते हैं। ऐसे में यह छोटा सा प्रयास उनके लिए जीवनदायी साबित हो सकता है। वर्तमान समय में अधिकांश प्राकृतिक जल स्रोत सूख चुके हैं, जिसके कारण पक्षियों एवं अन्य जीवों को पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। यदि समय रहते हम सभी ने इनके लिए पानी और दाने की व्यवस्था नहीं की, तो कई पक्षी विलुप्त होने की कगार पर पहुंच सकते हैं और आने वाली पीढ़ियां इन्हें देखने से भी वंचित रह जाएंगी। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने जागरूकता फैलाने के लिए सुंदर नारे भी लगाए— एक प्याला पानी, एक प्याला दाना, चिड़ियों का लगा रहेगा आपके घर आना-जाना।”
“चिड़ियों के साथी हम बच्चे, करेंगे उनकी देखभाल।”
इस अवसर पर गन्ना विभाग के प्रचार एवं जनसंपर्क अधिकारी श्री निलेश कुमार, भाविका, अद्विका सहित कॉलोनी के अन्य बच्चे एवं निवासी उपस्थित रहे। बच्चों के इस सराहनीय प्रयास की सभी ने प्रशंसा की और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संकल्प लिया।

संपादक – सच्चाई की जीत
पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713
संपर्क – 9837427792
व्हाट्सप्प – 9837427792
ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com

