एससी गुड़िया इंस्टीट्यूट के 55 से अधिक विद्यार्थियों ने कार्यशाला में किया प्रतिभाग
काशीपुर। बाजपुर रोड स्थित सत्येंद्र चंद गुड़िया इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड लॉ कॉलेज के यूजी विभाग के बीबीए, बीसीए एवं बीकॉम (ऑनर्स) के 55 से अधिक विद्यार्थियों ने 27 अक्टूबर 2026 को भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) काशीपुर में आयोजित एक दिवसीय ‘एक्सपर्ट्स टॉक एंड इंटरैक्टिव सेशन’ कार्यशाला में प्रतिभाग किया। इस दौरान विद्यार्थियों को मार्केटिंग, सप्लाई चेन मैनेजमेंट और प्रबंधकीय कौशल से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
संस्थान की प्राचार्य डॉ. निमिषा अग्रवाल ने बताया कि कार्यशाला के प्रथम सत्र में विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को सप्लाई चेन मैनेजमेंट की बारीकियों से अवगत कराया। साथ ही, इस क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने और व्यावहारिक ज्ञान विकसित करने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए।
कार्यशाला के दूसरे सत्र में मार्केटिंग से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि बदलते बाजार और व्यावसायिक परिवेश में नए अवसरों को पहचानकर किस प्रकार अपने कौशल को विकसित किया जा सकता है। दोनों सत्रों के समापन के बाद प्रतिभागी विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। कार्यशाला में प्रतिभाग कर विद्यार्थी काफी उत्साहित नजर आए।
डॉ. अग्रवाल ने बताया कि संस्थान की प्रबंध समिति विद्यार्थियों को इस प्रकार की शैक्षणिक कार्यशालाओं, विशेषज्ञ व्याख्यानों और संवादात्मक सत्रों में प्रतिभाग करने के लिए निरंतर प्रोत्साहित करती है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना और समाज, बाजार तथा व्यापार जगत में हो रहे नवीन बदलावों से परिचित कराना है।
इस अवसर पर संस्थान की यूजी फैकल्टी सदस्य सिमरन सेठी कुकरेजा, रेनू भास्कर एवं सुखवंत कौर भी उपस्थित रहीं।

संपादक – सच्चाई की जीत
पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713
संपर्क – 9837427792
व्हाट्सप्प – 9837427792
ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com
