दरगाह परिसर में मिला काला बैग, लैपटॉप और पासपोर्ट समेत महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद

हरिद्वार। उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के पिरान कलियर स्थित दरगाह साबिर पाक परिसर से भारतीय वायुसेना में तैनात एक अधिकारी का 27 वर्षीय बेटा संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। युवक के लापता होने से परिजन चिंतित हैं। मामले में पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। दरगाह परिसर से युवक का एक लावारिस काला बैग भी बरामद हुआ है, जिसमें लैपटॉप, पासपोर्ट और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज मिले हैं।

जानकारी के अनुसार, बिहार निवासी शंकर सिंह भारतीय वायुसेना में मास्टर वारंट ऑफिसर के पद पर तैनात हैं। वर्तमान में उनकी पोस्टिंग पश्चिम बंगाल के बागडोगरा में है। उनका 27 वर्षीय बेटा सत्यम एक निजी विश्वविद्यालय में सहायक प्रोफेसर के पद पर कार्यरत था। परिजनों के मुताबिक, सत्यम ने करीब डेढ़ महीने पहले नौकरी छोड़ दी थी। बताया जा रहा है कि वह काफी समय से अपने पिता के संपर्क में भी नहीं था।

पुलिस के अनुसार, 17 अक्टूबर को दरगाह परिसर में एक काला बैग लावारिस हालत में मिला था। बैग की जांच करने पर उसमें लैपटॉप, पासपोर्ट और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद हुए। दस्तावेजों के आधार पर बैग का संबंध सत्यम से होने की जानकारी मिली, जिसके बाद पुलिस ने उसके पिता को सूचित किया। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद 18 अक्टूबर को बैग उनके सुपुर्द कर दिया गया।

पिता की तहरीर के आधार पर कोतवाली पुलिस ने सत्यम की गुमशुदगी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस दरगाह परिसर और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही युवक के लापता होने से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

फिलहाल युवक का कोई सुराग नहीं

युवक किन परिस्थितियों में दरगाह परिसर पहुंचा और वहां से किस तरह लापता हुआ, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि सत्यम की तलाश के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

By Mohd Nafees

संपादक – सच्चाई की जीत पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713 संपर्क – 9837427792 व्हाट्सप्प – 9837427792 ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *