उत्तराखंड में जन मुद्दों को लेकर कांग्रेस 22 से 26 अक्तूबर तक गढ़वाल और कुमाऊं मंडल में न्याय यात्रा निकालेगी। बदरीनाथ धाम और अल्मोड़ा के गोल्ज्यू मंदिर से यात्रा की शुरुआत होगी। पार्टी बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार और महिला उत्पीड़न समेत कई मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी। प्रदेश के ज्वलंत मुद्दों व भाजपा सरकार की नीतियों के विरोध में कांग्रेस की न्याय यात्रा कल से शुरू होगी। चमोली जिले के बदरीनाथ धाम व अल्मोड़ा के गोल्ज्यू मंदिर से न्याय यात्रा का आगाज किया जाएगा। यात्रा में पार्टी के वरिष्ठ नेता अपने-अपने क्षेत्र की यात्रा में शामिल होंगे। कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बताया कि सरकार की गलत नीतियों और बढ़ती बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार, महिला उत्पीड़न, बिगड़ती कानून व्यवस्था सहित अन्य मुद्दों को लेकर 22 से 26 अक्तूबर तक गढ़वाल व कुमाऊं मंडल में न्याय यात्रा निकाली जाएगी।
न्याय यात्रा को लेकर जिला व महानगर पदाधिकारियों की बैठक
22 अक्तूबर को बदरीनाथ धाम में पूजा-अर्चना कर यात्रा की शुरू की जाएगी। वहीं, कुमाऊं मंडल में अल्मोड़ा जिले के गोल्ज्यू मंदिर में पूजा-अर्चना कर यात्रा शुभारंभ किया जाएगा। इसके अलावा हरिद्वार, ऋषिकेश होते हुए यात्रा में शामिल सभी वरिष्ठ नेता 26 अक्तूबर को गैरसैंण पहुंचेंगे और 27 को विधानसभा घेराव किया जाएगा। मंगलवार को कांग्रेस भवन में चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह की अध्यक्षता में न्याय यात्रा को लेकर जिला व महानगर पदाधिकारियों की बैठक हुई। प्रीतम सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार के शासनकाल में प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार एवं बदहाल कानून व्यवस्था से त्रस्त है। प्रदेश का युवा रोजगार के लिए दर-दर भटक रहा है, महिलाएं स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। भाजपा सरकार जनता से किए गए वादों को पूरा करने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। न्याय यात्रा केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रदेश की जनता के अधिकारों, सम्मान और न्याय की लड़ाई का अभियान है। इस यात्रा के माध्यम से कांग्रेस सरकार की विफलताओं को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही लोगों की समस्याओं को सुनेगी।

संपादक – सच्चाई की जीत
पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713
संपर्क – 9837427792
व्हाट्सप्प – 9837427792
ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com
