बदरीनाथ धाम 16 नवंबर को होगा बंद, केदारनाथ के कपाट 11 नवंबर को होंगे बंद; मद्महेश्वर की डोली पहुंचेगी ऊखीमठ

उत्तराखंड। विजयदशमी के पावन अवसर पर उत्तराखंड के प्रमुख धामों बदरीनाथ, केदारनाथ और द्वितीय केदार मद्महेश्वर के कपाट शीतकाल के लिए बंद होने की तिथियां घोषित कर दी गई हैं। इसके साथ ही चारधाम यात्रा सहित प्रमुख धामों की इस वर्ष की यात्रा के समापन की तैयारियां तेज हो गई हैं।

घोषित कार्यक्रम के अनुसार, श्री बदरीनाथ धाम के कपाट 16 नवंबर को रात 9 बजकर 37 मिनट पर शीतकाल के लिए बंद किए जाएंगे। इसके अगले दिन 17 नवंबर को भगवान की देवडोलियां अपने-अपने शीतकालीन प्रवास स्थलों के लिए प्रस्थान करेंगी।

वहीं, श्री केदारनाथ धाम के कपाट 11 नवंबर को भैया दूज के पावन पर्व पर शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। इसके बाद सर्दियों के दौरान दोनों धामों में निर्धारित शीतकालीन पूजा स्थलों पर धार्मिक परंपराओं के अनुसार पूजा-अर्चना जारी रहेगी।

16 नवंबर को बंद होंगे मद्महेश्वर धाम के कपाट

रुद्रप्रयाग जिले में स्थित द्वितीय केदार श्री मद्महेश्वर धाम के कपाट भी 16 नवंबर को शीतकाल के लिए बंद होंगे। विजयदशमी के अवसर पर मंगलवार, 20 अक्टूबर को ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कपाट बंद होने की तिथि निर्धारित की गई।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, कपाट बंद होने के बाद भगवान मद्महेश्वर की चल विग्रह डोली शीतकालीन प्रवास के लिए रवाना होगी। डोली का पहला रात्रि विश्राम गौंडार गांव में होगा। इसके बाद 17 नवंबर को डोली गौंडार से रांसी पहुंचेगी। 18 नवंबर को रांसी से गिरिया के लिए प्रस्थान करेगी, जबकि 19 नवंबर को गिरिया से चलकर ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ पहुंचेगी। यहां भगवान मद्महेश्वर की शीतकालीन पूजा-अर्चना संपन्न होगी।

सर्दियों में शीतकालीन स्थलों पर होंगे दर्शन

बदरीनाथ, केदारनाथ और मद्महेश्वर धाम उत्तराखंड की धार्मिक आस्था के प्रमुख केंद्र हैं। हर साल देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु इन धामों में दर्शन के लिए पहुंचते हैं। सर्दियों में अत्यधिक ठंड और बर्फबारी की संभावना को देखते हुए परंपरानुसार धामों के कपाट बंद कर दिए जाते हैं। इसके बाद शीतकालीन प्रवास स्थलों पर भगवान की पूजा-अर्चना विधि-विधान से जारी रहती है।

By Mohd Nafees

संपादक – सच्चाई की जीत पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713 संपर्क – 9837427792 व्हाट्सप्प – 9837427792 ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *