मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यकर्ताओं का बढ़ाया उत्साह, 70 विधानसभा क्षेत्रों में चुनावी तैयारियों को गति देने पर जोर

काशीपुर। उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में काशीपुर के बाजपुर रोड स्थित गौतमी हाइट्स में आयोजित दो दिवसीय विधानसभा विस्तारक एवं प्रभारी प्रशिक्षण कार्यशाला का बुधवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मौजूदगी में समापन हुआ। कार्यक्रम में पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया।

कार्यशाला में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष, उत्तराखंड की सह-प्रभारी बांसुरी स्वराज सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और संगठन से जुड़े कार्यकर्ता शामिल हुए। दो दिवसीय कार्यक्रम के दौरान आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति, संगठन को मजबूत बनाने और विधानसभा स्तर पर पार्टी की गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने जैसे विषयों पर चर्चा की गई।

जानकारी के अनुसार, 13 अक्टूबर को शुरू हुई इस कार्यशाला में विधानसभा विस्तारकों और प्रभारियों को संगठनात्मक कार्यों तथा चुनावी तैयारियों से संबंधित मार्गदर्शन दिया गया। वहीं, 14 अक्टूबर को आयोजित प्रशिक्षण सत्र का समापन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की उपस्थिति में हुआ। प्रशिक्षण के माध्यम से विधानसभा प्रभारियों को चुनाव से पहले संगठन की भूमिका, जनसंपर्क और पार्टी की रणनीति को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

भाजपा ने मिशन-2027 को ध्यान में रखते हुए प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों पर संगठनात्मक तैयारियों को मजबूत करने की दिशा में काम शुरू कर दिया है। इसी क्रम में अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में चरणबद्ध तरीके से कार्यशालाएं आयोजित की जा रही हैं। काशीपुर में हुई इस कार्यशाला में उत्तराखंड के अलावा दिल्ली, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश से भी विस्तारकों ने भाग लिया।

कार्यशाला को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले संगठनात्मक तैयारियों को धार देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी का उद्देश्य विधानसभा स्तर पर जिम्मेदार पदाधिकारियों को प्रशिक्षित कर चुनावी रणनीति को जमीनी स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना है।

By Mohd Nafees

संपादक – सच्चाई की जीत पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713 संपर्क – 9837427792 व्हाट्सप्प – 9837427792 ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *