देहरादून। ऑनलाइन गेमिंग वेबसाइट पर कम रकम लगाकर अधिक मुनाफा कमाने का लालच देकर हरिद्वार निवासी एक व्यक्ति से 1 करोड़ 77 लाख 53 हजार 960 रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। मामले की जांच कर रही उत्तराखंड एसटीएफ ने राजस्थान से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, पीड़ित ने YouTube पर Winadda नाम की ऑनलाइन गेमिंग वेबसाइट का विज्ञापन देखा था। इसके बाद अलग-अलग मोबाइल नंबरों से WhatsApp के जरिए उससे संपर्क किया गया। साइबर ठगों ने कम निवेश में बड़ा मुनाफा कमाने का झांसा देकर उसे अलग-अलग खातों में रकम ट्रांसफर करने के लिए कहा।
आरोपियों के झांसे में आकर पीड़ित ने वर्ष 2025 में कुल ₹1,77,53,960 की रकम गंवा दी। इसके बाद पीड़ित ने देहरादून स्थित साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
बैंक खाते की जांच से मिला सुराग
जांच के दौरान एसटीएफ ने ठगी में इस्तेमाल किए गए बैंक खातों और उनके लेनदेन की पड़ताल की। पुलिस के अनुसार, ठगी की रकम में से करीब 14 लाख रुपये राजस्थान निवासी आरोपी के बैंक खाते में पहुंचे थे।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के बैंक खाते में महज चार महीने के भीतर करीब 95 लाख रुपये का संदिग्ध लेनदेन हुआ था। बैंकिंग ट्रांजेक्शन से मिले सुराग के आधार पर एसटीएफ ने आरोपी की पहचान की।
राजस्थान से हुई गिरफ्तारी
एसटीएफ ने कार्रवाई करते हुए 41 वर्षीय किशोर पुत्र मदन लाल, निवासी लाडनूं, जिला डीडवाना-कुचामन, राजस्थान को गिरफ्तार किया। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर साइबर ठगी से जुड़े अन्य बैंक खातों और नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है। AAmar Ujala
पुलिस ने लोगों को किया सतर्क
एसटीएफ ने लोगों से ऑनलाइन गेमिंग, निवेश या कम समय में ज्यादा मुनाफे का लालच देने वाली वेबसाइटों और अज्ञात लोगों से सावधान रहने की अपील की है। पुलिस ने सलाह दी है कि किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने या पैसे ट्रांसफर करने से पहले उसकी सत्यता की जांच करें। साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं।

संपादक – सच्चाई की जीत
पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713
संपर्क – 9837427792
व्हाट्सप्प – 9837427792
ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com
